A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया में एंट्री मारते ही ईशान किशन ने खोल दिए गेंद के धागे, 33 गेदों पर ठोका शतक, छक्के-चौकों की लगाई झड़ी

टीम इंडिया में एंट्री मारते ही ईशान किशन ने खोल दिए गेंद के धागे, 33 गेदों पर ठोका शतक, छक्के-चौकों की लगाई झड़ी

भारत के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने एक बार फिर तूफानी शतक ठोक दिया है। ईशान किशन ने चौके-छक्कों की झड़ी लगाते हुए कर्नाटक के खिलाफ शानदार शतक जड़ने का कमाल किया।

Ishan Kishan- India TV Hindi
Image Source : PTI ईशान किशन

Ishan Kishan: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबबाज ईशान किशन को हाल ही में टीम इंडिया में शामिल किया। लंबे समय तक टीम इंडिया से बाहर रहने वाले ईशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज और T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के चलते ईशान किशन को यह मौका मिला। उन्होंने हाल ही में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में बल्ले से कमाल करते हुए अपनी टीम को चैंपियन बनाया। उन्होंने 18 दिसंबर को पुणे में खेले गए खिताबी मुकाबले में हरियाणा के खिलाफ 49 गेंदों पर ताबड़तोड़ 101 रनों की पारी खेलते हुए झारखंड को खिताब जिताया था। इस धमाकेदार शतक के एक हफ्ते के भीतर ईशान ने एक बार फिर बल्ले से कहर बरपाते हुए बड़ा कारनामा कर दिया है।

ईशान किशन ने ठोकी तूफानी सेंचुरी

दरअसल, ईशान किशन ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में झारखंड़ के लिए पहले ही मैच में तूफानी सेंचुरी जड़ते हुए तहलका मचा दिया है। इशान ने कर्नाटक जैसी मजबूत टीम के खिलाफ महज 33 गेंदों पर सेंचुरी ठोक सनसनी मचा दी है। ईशान ने पहली 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ने का कमाल किया और फिर अगली 13 गेंदों पर 50 रन और अपने खाते में जोड़ते हुए ताबड़तोड़ सेंचुरी जड़ दी। इस तरह धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज लिस्ट-ए क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज शतक ठोकने वाला भारतीय खिलाड़ी बन गया। आपको जानकर हैरानी होगी ईशान किशन का 33 गेंदों में आया ये शतक लिस्ट-ए क्रिकेट का चौथा सबसे तेज शतक है। बता दें, लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम है। वहीं, इस मामले में दूसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स और तीसरे स्थान पर साकिबुल गनी हैं।

ईशान ने कर्नाटक के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने महज 39 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ 125 रनों की पारी खेली। इस तूफानी शतकीय पारी में उनके बल्ले से 7 चौके और 14 छक्के आए। उन्हें ध्रुव प्रभाकर ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज

  • जेक फ्रेजर-मैकगर्क - 29 गेंदें
  • एबी डिविलियर्स - 31 गेंदें
  • साकिबुल गनी - 32 गेंदें
  • ईशान किशन - 33 गेंदें
  • अनमोलप्रीत सिंह - 35 गेंदें
  • कोरी एंडरसन - 36 गेंदें
  • वैभव सूर्यवंशी - 36 गेंदें

गौरतलब है कि विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का 24 दिसंबर से आगाज हो चुका है। BCCI के निर्देशानुसार टीम इंडिया के कई बड़े खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में शिरकत कर रहे हैं, जिनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा और ऋषभ पंत जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ेंं:

टूटेगा एडम गिलक्रिस्ट का 24 साल पुराना कीर्तिमान? एलेक्स कैरी को सिर्फ इतने रनों की दरकार

इंग्लिश खिलाड़ियों ने नूसा ट्रिप पर जमकर पी शराब? ECB ने शुरू की जांच

Latest Cricket News