फुटबॉल की दुनिया में तहलका मचाने वाले देश ने क्रिकेट में दिखाया जलवा, वर्ल्ड कप में एशियाई टीम को दी एकतरफा मात
NEP vs ITA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली की टीम ने नेपाल के खिलाफ खेले गए मुकाबले को एकतरफा 10 विकेट से अपने नाम करने के साथ टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी पहली जीत को भी दर्ज किया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 17वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ग्रुप-सी में शामिल नेपाल और इटली की टीम के बीच में खेला गया। इस मैच में नेपाल की टीम का पलड़ा भारी माना जा रहा था, जिसके पीछे उनका पिछले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हुए मैच में हार के बाद भी शानदार प्रदर्शन था। वहीं इटली की टीम ने अपने खेल से सभी को गलत साबित करने के साथ इस मैच को एकतरफा 10 विकेट से अपने नाम करने के साथ ऐतिहासिक जीत भी दर्ज की। पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेल रही इटली की टीम की ये उनके टूर्नामेंट के इतिहास की पहली जीत है। इटली की टीम को इस मुकाबले में 124 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उन्होंने 12.4 ओवर्स में हासिल कर लिया।
इटली ने अब तक फुटबॉल की दुनिया में अपना कमाल दिखाया है, जिसमें वह साल 1934, 1938, 1982 और 2006 में वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम करने में कामयाब रही है। नेपाल की ये टी20 इंटरनेशनल में दूसरी 10 विकेट से एकतरफा हार है, जिसमें इससे पहले उन्हें साल 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में ऐसी शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इटली पहली बार किसी टीम को 10 विकेट से मात देने में कामयाब हो सका है।
गेंदबाजों के बाद ओपनिंग भाईयों की जोड़ी ने दिखाया कमाल
नेपाल के खिलाफ इस मुकाबले में इटली टीम की कप्तानी संभाल रहे हैरी मैनेंटी ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसमें उनके गेंदबाजों ने इटली को सिर्फ 123 रनों के स्कोर पर समेट दिया। इसके बाद सभी की नजरें इटली के बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर टिकी हुई थी, जिसमें ओपनिंग जोड़ी पर सबसे ज्यादा दबाव था। इटली की तरफ से इस मैच में पारी की शुरुआत करने उतरी भाईयों की जोड़ी जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने इस मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा करने का काम किया। दोनों भाईयों ने लगातार बड़े शॉट खेलने जारी रखे जिससे मुकाबला पूरी तरह से इटली की पकड़ में रहा और उन्होंने इस टारगेट को सिर्फ 12.4 ओवर्स में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। जस्टिन मोस्का के बल्ले से 44 गेंदों में 60 तो वहीं एंथनी मोस्का ने 32 गेंदों में 62 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
इंग्लैंड से प्वाइंट्स टेबल में ऊपर आई इटली
इटली की टीम को इस मैच में जीत मिलने के साथ ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में उनकी टीम अब इंग्लैंड से ऊपर चली गई, जिसमें उनके अब 2 मैचों में एक हार और एक जीत के साथ दो अंक हैं। वहीं इटली टीम का नेट रनरेट -0.352 का है। वहीं इंग्लैंड की टीम अब 2 अंकों के साथ चौथे नंबर पर पहुंच गई है।
ये भी पढ़ें
T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश में मचा बवाल, खिलाड़ियों ने तोड़ी चुप्पी, कहा- हमारा कोई नहीं
