भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर अभी सभी का ध्यान है, तो वहीं साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है जिसको लेकर भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों ने अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है। रोहित शर्मा जिनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप और उसके बाद साल 2025 की शुरुआत में खेली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को अपने नाम किया था, अब उनका सपना देश के लिए वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को जीतना है। रोहित जो अब बतौर प्लेयर खेल रहे हैं, उनके इंटरनेशनल क्रिकेट के 2 फॉर्मेट से रिटायरमेंट लेने के बाद से वनडे से भी संन्यास लेने की अटकलें लेकर लगातार देखने को मिलती रहती हैं, जिसमें अब हिटमैन रोहित ने दिए अपने एक बयान से सबकुछ साफ कर दिया है।
रोहित शर्मा जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर हैं उन्होंने आईसीसी के इवेंट में वनडे वर्ल्ड कप को लेकर सवाल पूछे जाने पर खुलकर अपनी बात रखी। रोहित शर्मा ने कहा कि मैं जरूर अपने देश के लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं। यह मेरा हमेशा से सपना रहा है। मैं 50 ओवर का वर्ल्ड कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं और उस समय ना ही टी20 वर्ल्ड कप होता था और ना ही आईपीएल। यह उस दौर में क्रिकेट का सबसे बड़ा इवेंट था जो हर चार साल में होता था और हम सभी इसका बेसब्री से इंतजार भी करते थे। इसलिए उस एक ट्रॉफी की बहुत अहमियत थी और उसे जीतने की बेचैनी भी। ये बात सही है कि मुझे सच में वह ट्रॉफी चाहिए, इसलिए मैं अपनी तरफ से उसे जीतने की पूरी कोशिश करूंगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के बाद टीम इंडिया की तैयारी फिर वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर रहने वाली हैं। वहीं रोहित शर्मा का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में बल्ले से भले ही फॉर्म उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला हो, लेकिन उससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में उनका प्रदर्शन काफी बेहतर था। इसके अलावा रोहित ने पिछले कुछ महीनों में अपनी फिटनेस को लेकर भी काफी काम किया है, जिसका असर मैदान पर भी साफतौर पर देखने को मिला है। बता दें कि टीम इंडिया को अपनी अगली वनडे सीरीज इंग्लैंड के दौरे पर खेलनी है।
ये भी पढ़ें
ICC टूर्नामेंट में 30 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त, ओमान के 43 साल के खिलाड़ी ने रचा इतिहास
T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश में मचा बवाल, खिलाड़ियों ने तोड़ी चुप्पी, कहा- हमारा कोई नहीं
संपादक की पसंद