A
Hindi News खेल क्रिकेट 38 साल के खिलाड़ी का 9 सीजन बाद इस टीम से टूटा नाता, अब पृथ्वी शॉ के साथ खेलते आएंगे नजर

38 साल के खिलाड़ी का 9 सीजन बाद इस टीम से टूटा नाता, अब पृथ्वी शॉ के साथ खेलते आएंगे नजर

जलज सक्सेना ने दिसंबर 2005 में मध्य प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डब्यू किया था और 2016 में केरल चले गए थे। अब वह महाराष्ट्र के लिए खेलते नजर आएंगे।

Jalaj Saxena- India TV Hindi Image Source : PTI जलज सक्सैना

अनुभवी ऑलराउंडर जलज सक्सेना ने घरेलू क्रिकेट में बड़ा फैसला लिया है। 38 साल के जलज ने केरल से अपना नाता तोड़कर आगामी रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन से पहले महाराष्ट्र की टीम से जुड़ने का निर्णय किया है। इस बदलाव के साथ वे महाराष्ट्र में शामिल होने वाले इस सीजन के दूसरे दिग्गज खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र का रुख किया था। जलज सक्सेना ने दिसंबर 2005 में मध्य प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। एक दशक से अधिक समय तक मध्य प्रदेश के लिए खेलने के बाद उन्होंने 2016 में केरल की ओर रुख किया। केरल के साथ उन्होंने लगातार नौ सीजन खेले और टीम की मजबूती का अहम हिस्सा बने रहे। 

घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड

अपने लगभग दो दशक लंबे करियर में सक्सेना ने अब तक 150 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 7060 रन बनाए हैं, जिसमें 14 शतक और 34 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 33.77 का रहा है। गेंदबाजी में भी वे उतने ही प्रभावी रहे हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 484 विकेट चटकाए हैं, जिनमें 34 बार पारी में पांच विकेट और कई बार मैच में 10 विकेट लेने की उपलब्धि भी शामिल है।

सिर्फ फर्स्ट क्लास ही नहीं, जलज का अनुभव सीमित ओवरों के प्रारूपों में भी गहरा है। उन्होंने 109 लिस्ट ए मैचों और 73 T20 मुकाबलों में भाग लिया है। अपनी ऑलराउंड क्षमताओं के दम पर वे हमेशा किसी भी टीम के लिए उपयोगी खिलाड़ी साबित हुए हैं।

महाराष्ट्र को मिलेगी मजबूती

जलज सक्सेना जैसे अनुभवी खिलाड़ी का महाराष्ट्र से जुड़ना टीम के लिए बड़ी खबर है। खासतौर पर तब, जब टीम अपने प्रदर्शन में निरंतरता की तलाश कर रही है। पृथ्वी शॉ और सक्सेना जैसे खिलाड़ियों के आने से महाराष्ट्र की बैटिंग और ऑलराउंड विभाग निश्चित तौर पर मजबूत होगा। इस कदम से साफ है कि महाराष्ट्र आने वाले रणजी सीजन में खिताब की दावेदारी को और पुख्ता करना चाहता है। वहीं, जलज सक्सेना के लिए यह नया अध्याय उनके लंबे और सफल घरेलू करियर में एक और अहम मोड़ साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें

IND vs PAK: एशिया कप मुकाबले से पहले कैसी है भारत और पाकिस्तान की ICC टी20 रैंकिंग, जमीन आसमान का अंतर

Asia Cup 2025 Points Table: जीत के बाद भी इस नंबर पर है पाकिस्तान, भारत का जलवा जारी

Latest Cricket News