1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 21 साल पहले पिता को किया आउट, अब बेटे को भी बनाया शिकार, 43 साल के एंडरसन ने 5 विकेट लेकर बरपाया कहर

21 साल पहले पिता को किया आउट, अब बेटे को भी बनाया शिकार, 43 साल के एंडरसन ने 5 विकेट लेकर बरपाया कहर

जेम्स एंडरसन 43 साल की उम्र में भी अपनी गेंदबाजी से कमाल कर रहे हैं। एंडरसन ने पिता को आउट करने के 21 साल बाद बेटे का शिकार करने का अद्भुत कारनामा कर दिखाया है।

James Anderson- India TV Hindi
Image Source : AFP जेम्स एंडरसन

James Anderson: क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं, लेकिन कुछ कारनामे ऐसे होते हैं जो इतिहास में खास जगह बना लेते हैं। इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने ऐसा ही एक अनोखा कारनामा कर दिखाया है। उन्होंने 21 साल के अंतराल में एक ही परिवार की दो पीढ़ियों को आउट करने का कमाल कर दिया है।

पिता के बाद अब बेटे का किया शिकार

दरअसल, एंडरसन ने 2005 में नॉर्थम्पटनशायर के बल्लेबाज डेविड सेल्स को आउट किया था। अब 21 साल बाद उन्होंने उसी टीम के लिए खेल रहे उनके बेटे जेम्स सेल्स को भी पवेलियन भेज दिया। उन्होंने लंकाशर और नॉर्थैम्प्टनशर के बीच खेले जा रहे काउंटी क्रिकेट मैच में जेम्स सेल्स को आउट करने का कमाल किया।

जेम्स एंडरसन का यह कारनामा सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि उनकी फिटनेस, अनुभव और लंबे करियर की मिसाल है। 21 साल के अंतराल में पिता और बेटे दोनों को आउट करना क्रिकेट के इतिहास में एक यादगार पल बन गया है। इस मैच में कप्तान एंडरसन ने न केवल पिता को आउट करने के 21 साल बाद बेटे को अपना शिकार बनाया बल्कि 5 विकेट लेकर सभी को चौंका दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत नॉर्थैम्प्टनशर की टीम ने 200 रन से पहले ही अपने 9 विकेट खो दिए। दिन का खेल खत्म होने तक टीम का स्कोर 9 विकेट पर 215 रन था। इससे पहले लंकाशर ने अपनी पहली पारी में 384 रनों का स्कोर खड़ा किया।

43 की उम्र में भी जलवा बरकरार

करीब 44 साल के होने जा रहे एंडरसन अभी भी क्रिकेट में सक्रिय हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। एंडरसन ने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 700 से ज्यादा विकेट हैं, जो किसी भी तेज गेंदबाज के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके बावजूद वह घरेलू क्रिकेट में लगातार खेल रहे हैं और अपनी टीम के लिए अहम योगदान दे रहे हैं।  पिछले सीजन में एंडरसन ने लंकाशायर की अस्थायी कप्तानी की थी, जहां टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। इसी के बाद उन्हें स्थायी कप्तान बनाया गया। उनका लक्ष्य इस सीजन टीम को फर्स्ट डिवीजन में प्रमोशन दिलाना है।

यह भी पढ़ें

SRH vs LSG: सनराइजर्स हैदराबाद के सामने घर पर लखनऊ की चुनौती, Head To Head में ऐसा रहा है रिकॉर्ड

IPL 2026: ऑरेंज कैप पर समीर रिजवी का कब्जा, रोहित शर्मा टॉप-5 की लिस्ट में कहां?

Latest Cricket News