भारतीय टीम एशियन गेम्स 2026 के लिए जल्द ही जापान के दौरे पर जाएगी। इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबले निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय टीम जापान के साथ एकमात्र ऐतिहासिक T20I मैच खेलेगी। इस मैच को लेकर जापान के कप्तान केंडल कादोवाकी-फ्लेमिंग ने बड़ा बयान दिया है। साथ ही में युवा आल राउंडर चार्ली हारा-हिंजे ने भी इस मैच को लेकर अपने दिल की बात कही है। बता दें कि भारत और जापान के बीच ये ऐतिहासिक मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा।
भारत के खिलाफ होने वाला टी20 मैच जापान में क्रिकेट की नई शुरुआत कर सकता है- केंडल फ्लेमिंग
जापान के कप्तान केंडल कादोवाकी-फ्लेमिंग और 17 साल के युवा खिलाड़ी चार्ली हारा-हिंजे का मानना है कि भारत के खिलाफ होने वाला टी20 मैच सिर्फ एक यादगार पल नहीं है, बल्कि यह जापान में क्रिकेट की नई शुरुआत कर सकता है। जापान में वैसे तो बेसबॉल सबसे लोकप्रिय खेल है, लेकिन भारतीय टीम पहली बार वहां इंटरनेशनल मैच खेलने जा रही है। सानो के मैदान पर होने वाला यह मुकाबला एशियन गेम्स से ठीक पहले खेला जाएगा। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि इतने बड़े मैच से देश के बच्चों और युवाओं में क्रिकेट के प्रति दिलचस्पी बढ़ेगी और आने वाले सालों में जापान में भी क्रिकेट एक बड़ा खेल बनकर उभरेगा।
जापान क्रिकेट टीम के कप्तान कादोवाकी-फ्लेमिंग का कहना है कि एशियन गेम्स के दौरान भारत, अफगानिस्तान और नेपाल जैसी मजबूत टीमों की मेजबानी करना यह दिखाता है कि जापान में क्रिकेट कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले तक ऐसे बड़े देशों के खिलाफ मैच आयोजित करने के बारे में सोचना भी मुश्किल था। इसलिए अब इतने बड़े-बड़े देशों का क्रिकेट खेलने के लिए जापान आना, उनके देश में इस खेल के भविष्य के लिए एक बहुत बड़ी और अच्छी बात है।
भारत के खिलाफ मैच में दम दिखाने उतरेगी जापान की टीम
जापान के कप्तान का कहना है कि भारत के खिलाफ खेलना उनके लिए बहुत बड़ा और यादगार पल है, लेकिन उनकी टीम सिर्फ मैदान पर खुशियां मनाने नहीं आ रही है। वे मैच में यह साबित करना चाहते हैं कि उनकी मेंस क्रिकेट टीम में कितना दम है। उन्होंने माना कि भारतीय टीम में बल्लेबाजी, तेज गेंदबाजी और स्पिन बॉलिंग हर डिपार्टमेंट में दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं। इसलिए भारत जैसी मजबूत टीम को अपने सामने खेलते देखना और उनसे मुकाबला करना जापानी खिलाड़ियों के लिए सीखने का एक बहुत बड़ा और शानदार मौका होगा।
यह भी पढ़ें
कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी20 मुकाबला, नोट कीजिए टाइम नहीं तो छूट जाएगा मैच
पाक गेंदबाज रजाउल्लाह ने डेब्यू मैच में लुटाए जमकर रन, प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड तोड़ा
Latest Cricket News