1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाक गेंदबाज रजाउल्लाह ने डेब्यू मैच में लुटाए जमकर रन, प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड तोड़ा

पाक गेंदबाज रजाउल्लाह ने डेब्यू मैच में लुटाए जमकर रन, प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड तोड़ा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 11, 2026 04:42 pm IST,  Updated : Sep 11, 2026 04:45 pm IST

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच बर्मिंघम में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज रजाउल्लाह को डेब्यू करने का मौका मिला। अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Pakistan Fast Bowler Razaullah- India TV Hindi
पाक तेज गेंदबाज रजाउल्लाह Image Source : AP

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच एजबेस्टन बर्मिंघम में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान के तेज रजाउल्लाह को डेब्यू करने का मौका मिला। अपने डेब्यू मैच के पहले ही ओवर में रजाउल्लाह ने गेंद से कहर बरपाया। उन्होंने इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को अपने पहले ही ओवर में LBW आउट किया। इसके बाद उनकी जमकर तारीफ होने लगी। लेकिन एक-दो ओवर बाद ही वह अपनी लाइन लेंथ से भटक गए और उन्होंने खूब रन लुटाए। इस दौरान उन्होंने भारत के प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

रजाउल्लाह ने प्रसिद्ध कृष्णा को छोड़ा पीछे

इंग्लैंड में खेले गए टेस्ट मैच की एक पारी में (कम से कम 20 ओवर फेंकने वालों में) सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज रजाउल्लाह अब पहले नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में 6.43 की इकॉनमी रेट से रन लुटाए और 3 विकेट लिए। दूसरे नंबर पर भारत के प्रसिद्ध कृष्णा हैं, जिन्होंने 2025 में लीड्स टेस्ट में 6.40 की इकॉनमी से रन दिए थे और 3 विकेट चटकाए थे। वहीं, इस सूची में तीसरे स्थान पर आयरलैंड के मार्क अडायर हैं, जिन्होंने 2023 में लॉर्ड्स के मैदान पर 6.35 की इकॉनमी से रन खर्च किए थे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन ने साल 2009 में लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट में 6.09 की इकॉनमी से रन खर्च किए थे और 3 विकेट हासिल किए थे।

किन बल्लेबाजों को रजाउल्लाह ने किया आउट

पाक गेंदबाज रजाउल्लाह ने पहली पारी में जो रूट के अलावा एमिलियो गे को बोल्ड किया। वह 60 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद उन्होंने जेमी स्मिथ को 69 के निजी स्कोर आउट किया। अंत में उन्होंने ओली रॉबिन्सन को शान मसूद के हाथों कैच आउट करवाया। रॉबिन्सन भी 50 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में इंग्लैंड की टीम 453 रन बनाकर ऑलआउट हुई और 320 रनों की बढ़त हासिल करने में कामयाब रही।

पहली पारी में 133 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी पाकिस्तान की टीम

इस टेस्ट मैच में पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला था और पूरी टीम पहली पारी में 33.5 ओवर में 133 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए पहली पारी में सऊद शकील सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वह 47 बॉल पर 43 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद अब्बास ने 21 रन बनाए। वहीं रजाउल्लाह ने 11 रनों का योगदान दिया। टीम के कप्तान बाबर आजम की बात करें तो उनका फ्लॉप शॉ यहां भी जारी रहा और वह पहली पारी में सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए थे

यह भी पढ़ें

कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी20 मुकाबला, नोट कीजिए टाइम नहीं तो छूट जाएगा मैच

वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन ने कहा- 'फ्यूचर कैप्टन', बोले- आने वाले दिनों में वो और भी ज्यादा खतरनाक हो जाएगा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल