ऑस्ट्रेलिया का साउथ अफ्रीका दौरा जारी है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला इस वक्त खेला जा रहा है। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने आगाज तो बहुत शानदार किया, लेकिन इसके बाद उसकी गाड़ी पटरी से उतर गई। इसकी वजह मिचेल स्टार्क रहे, जैसे जैसे मैच आगे बढ़ा स्टार्क ने कहर बरपाना शुरू कर दिया और उम्मीद से पहले ही पूरी विरोधी टीम को आउट कर पवेलियन में बिठा दिया। अब तक खेले गए दो मैचों में दोनों टीमों ने एक एक मैच जीता है, अब इसी आखिरी मैच से तय होगा कि सीरीज कौन सी टीम अपने नाम करेगी।
एडन मार्करम और मार्केस एकरमैन के बीच जबरदस्त साझेदारी
साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया तीसरे टेस्ट में जब अफ्रीकी टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी तो पहले ही विकेट के लिए 150 से अधिक रनों की साझेदारी हो गई। सलामी बल्लेबाज एडन मार्करम और मार्केस एकरमैन ने टीम को जबरदस्त शुरुआत दी। खास तौर पर मार्केस एकरमैन तो टेस्ट मैच को भी वनडे की तरह खेल रहे थे, हालांकि वे अपना शतक पूरा करने से चूक गए। उन्होंने 94 बॉल पर 95 रन बनाए। इसमें 12 चौके और दो छक्के शामिल रहे। एडन मार्करम ने 141 बॉल पर 78 रनों की पारी खेली।
साउथ अफ्रीका की पहली पारी 329 रन पर ही खत्म
टीम का पहला विकेट 158 रन के स्कोर पर गिरा था, इसके बाद दूसरा विकेट 203 रन पर गिरा, लेकिन इसी के बाद साउथ अफ्रीका की टीम पटरी से उतर गई। कप्तान टेम्बा बावुमा बिना खाता खोले शून्य पर आउट हो गए। आखिर में रियान रिकल्टन ने 42 और मार्को यानसेन ने 52 रनों की पारी खेलकर टीम को एक सम्मानजनक स्थिति में पहुंचा दिया। पूरी टीम मिलकर केवल 329 रन ही बना सकी। जबकि पहला विकेट 150 रन पूरे होने के बाद गिरा था।
मिचेल स्टार्क ने लिए 72 रन देकर छह विकेट
इस बीच मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर जबरदस्त गेंदबाजी कर अपनी टीम की वापसी कराई। स्टार्क ने 16.3 ओवर की गेंदबाजी में 72 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए। साउथ अफ्रीका को इतने स्कोर पर आउट करने में उनकी बड़ी भूमिका रही। नाथन लॉयन ने दो विकेट लिए। जोश हेजलवुड और कूपर कानोली को भी एक एक सफलता मिली। अभी पहले ही दिन का खेल हुआ है। अब जब दूसरे दिन का खेल होगा तो ऑस्ट्रेलियाई टीम बल्लेबाजी के लिए उतरेगी।
यह भी पढ़ें
कब खेले जाएंगे भारत बनाम न्यूजीलैंड बाकी दो मैच, टीम इंडिया ने टी20 सीरीज पर कर लिया है कब्जा
कगिसो रबाडा के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट में 23वीं बार डक पर हुए आउट