A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जसप्रीत बुमराह निकल गए सबसे आगे, तीन विकेट लेते ही हासिल कर ली नंबर-1 की कुर्सी

जसप्रीत बुमराह निकल गए सबसे आगे, तीन विकेट लेते ही हासिल कर ली नंबर-1 की कुर्सी

IND vs SA: जसप्रीत बुमराह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने के साथ तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं इसी के साथ बुमराह ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली।

Jasprit Bumrah And Suryakumar Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव

भारत और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रनों का स्कोर बनाया है। वहीं इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह का बिल्कुल ही अलग ही प्रदर्शन देखने को मिला है, जहां उन्होंने अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 15 रन दिए तो वहीं तीन विकेट हासिल करने में कामयाब रहे, जिसके साथ ही वह अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं।

बुमराह ने अश्विन को छोड़ दिया पीछे, हासिल की नंबर-1 की पोजीशन

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड जसप्रीत बुमराह के नाम पर दर्ज हो गया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले ये रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम पर था, जिन्होंने 24 मैचों में खेलते हुए 17.25 के औसत से 32 विकेट हासिल किए थे। वहीं अब इस लिस्ट में बुमराह पहले नंबर पर पहुंच गए हैं, जिन्होंने 22 मैचों में खेलते हुए 13.36 के औसत से 33 विकेट हासिल कर लिए हैं। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर अब अर्शदीप सिंह का नाम है जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में 2 विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह के नाम पर अब टी20 वर्ल्ड कप में 18 मैचों में 14.84 के औसत से 32 विकेट हासिल किए हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज

  • जसप्रीत बुमराह - 33 विकेट
  • अर्शदीप सिंह - 32 विकेट
  • रविचंद्रन अश्विन - 32 विकेट
  • हार्दिक पांड्या - 29 विकेट
  • रविंद्र जडेजा - 22 विकेट

बुमराह ने अपने नाम किया ये खास रिकॉर्ड

जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने चार ओवर्स में सिर्फ 15 रन देने के साथ एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बुमराह अब टूर्नामेंट के इतिहास में एक मैच में अपने पूरे चार ओवर्स के स्पेल में 15 या उससे कम रन देने के मामले में सबसे ज्यादा बार ये कारनामा करने वाले बॉलर बन गए हैं। बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा 5वीं बार किया है, जिसमें इससे पहले वह वेस्टइंडीज टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज सैमुअल बद्री के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर काबिज थे।

ये भी पढ़ें

इंग्लैंड के गेंदबाजों ने प्लान के साथ की बॉलिंग, सस्ते में आउट निसंका और मेंडिस को दिखाया पवेलियन का रास्ता

IPL में फिर दिखेगा धोनी का जलवा? IPL 2026 से पहले CSK के CEO का बड़ा खुलासा

Latest Cricket News