1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए बजी खतरे की घंटी, मैच विनर गेंदबाज लुटा रहा जमकर रन

टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए बजी खतरे की घंटी, मैच विनर गेंदबाज लुटा रहा जमकर रन

T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 5 मैचों की सीरीज को 4-1 से अपने नाम किया। वहीं टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप से पहले जसप्रीत बुमराह का फॉर्म एक चिंता का विषय दिख रहा है।

Indian Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय क्रिकेट टीम

भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेली गई 5 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में दोनों टीमों की नजरें मेगा इवेंट से पहले अपनी तैयारियों को पुख्ता करने पर थी, जिसमें टीम इंडिया अपनी प्लानिंग में अधिक सफल रहने में कामयाब रही। भारतीय टीम ने इस सीरीज में जहां 4 मुकाबलों को अपने नाम किया तो वहीं कीवी टीम सिर्फ एक ही मैच जीत सकी। भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड कप से पहले जो एक सबसे बड़ी टेंशन सामने आई वह जसप्रीत बुमराह का आखिरी मुकाबले में प्रदर्शन जिसमें उनके सिर्फ टी20 इंटरनेशनल ही नहीं बल्कि टी20 करियर का सबसे खराब प्रदर्शन किसी मुकाबले में देखने को मिला।

बुमराह ने दिए कुल 58 रन

जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में कुल 4 मुकाबले खेले जिसमें उन्होंने 35.50 के खराब औसत के साथ सिर्फ 4 विकेट हासिल किए। इस सीरीज के तीसरे मुकाबले में बुमराह ने तीन विकेट हासिल किए थे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला था। वहीं इसके अलावा बाकी के तीन मुकाबलों में वह गेंद से उस उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हो सके जिसके लिए वह पहचाने जाते हैं। जसप्रीत बुमराह के लिए सीरीज का आखिरी टी20 मुकाबला सबसे खराब रहा जिसमें उन्होंने अपने चार ओवर्स में जहां कोई भी विकेट हासिल नहीं किया तो वहीं कुल 58 रन भी लुटा दिए। बुमराह का ये उनके टी20 करियर में अभी तक का सबसे खराब मैच रहा जिसमें उन्होंने इतने रन दिए। इससे पहले साल 2021 के आईपीएल सीजन में बुमराह ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कुल 56 रन दिए थे, जिसमें उन्होंने एक विकेट भी हासिल किया था। बुमराह का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में इकॉनमी रेट देखा जाए तो वह 9.47 का देखने को मिला।

टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा रहा है बुमराह का प्रदर्शन

टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर आगामी टी20 वर्ल्ड कप में बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली हैं, जिसमें अभी तक उनका टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड देखा जाए तो वह बेहतर देखने को मिला है। बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कुल 18 मैच खेले हैं, जिसमें 14.3 के औसत से 26 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे। वहीं उनके इकॉनमी रेट को लेकर बात की जाए तो वह 5.44 का देखने को मिला है। ऐसे में मेगा इवेंट से पहले बुमराह का ये फॉर्म थोड़ा चिंता का विषय टीम इंडिया के लिए जरूर है।

ये भी पढ़ें

सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, महज इतनी गेंदों में किया ये बड़ा कारनामा

पाकिस्तानी गेंदबाज बॉल फेंक रहा है कि थ्रो? ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का एक्शन को लेकर फूटा गुस्सा; देखें VIDEO

Latest Cricket News