जसप्रीत बुमराह के पास शानदार मौका, भुवनेश्वर कुमार को छोड़ेंगे पीछे? सिर्फ इतने विकेट की दरकार
T20 क्रिकेट में नया मुकाम हासिल करने के बेहद करीब हैं जसप्रीत बुमराह। नामीबिया के खिलाफ मैच में बुमराह के पास बड़ा कारनामा करने का शानदार मौका होगा।
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी। ग्रुप-ए के इस मुकाबले को कागज पर भले ही एकतरफा माना जा रहा हो, लेकिन यह मैच कई मायनों में खास बन सकता है। भारत बनाम नामीबिया मुकाबला भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए भी बेहद खास साबित हो सकता है। बुमराह के पास इस मुकाबले में एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका है।
भुवी छूट जाएंगे पीछे
दरअसल, T20 क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह 262 मैचों की 259 पारियों में 331 विकेट चटकाए हैं। वह T20 क्रिकेट में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाज हैं।उनसे आगे दूसरे स्थान पर भुवनेश्वर कुमार हैं, जिन्होंने 335 विकेट लिए हैं। यानी बुमराह को भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ने के लिए केवल 5 विकेट की जरूरत है। अगर वह नामीबिया के खिलाफ यह कारनामा कर लेते हैं, तो भारत के लिए T20 क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। इस सूची में टॉप पर पर युजवेंद्र चहल का नाम है। ऐसे में बुमराह के पास न सिर्फ भुवनेश्वर को पीछे छोड़ने का मौका है, बल्कि आने वाले समय में चहल के रिकॉर्ड को भी चुनौती दे सकते हैं।
भारत के लिए T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- युजवेंद्र चहल - 384
- भुवनेश्वर कुमार - 335
- जसप्रीत बुमराह - 331
- अमित मिश्रा - 285
नामीबिया के खिलाफ हो सकता है कमाल
बुमराह लंबे समय से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को लीड कर रहे हैं। नई गेंद से स्विंग, डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर और दबाव की स्थिति में विकेट निकालने की उनकी काबिलियत उन्हें खास बनाती है। T20 फॉर्मेट में जहां बल्लेबाजों का दबदबा माना जाता है, वहां बुमराह ने लगातार अपनी किफायती गेंदबाजी और विकेट लेने की कला से अलग पहचान बनाई है। बुमराह दुनिया के उन 6 गेंदबाजों में शुमार हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में 100 या उससे ज्यादा विकेट चटकाने का कारनामा किया है। इस खास लिस्ट में बुमराह के अलावा लसिथ मलिंगा, शाकिब अल हसन, टिम साउदी, शाहीन अफरीदी, जेसन होल्डर भी शामिल हैं।
नामीबिया के खिलाफ मैच में भारतीय फैंस की निगाहें अब बुमराह के प्रदर्शन पर टिकी होंगी। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो 12 फरवरी का दिन बुमराह के नाम हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या बुमराह इस मैच में पांच विकेट लेकर भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ पाएंगे और T20 क्रिकेट में भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन जाएंगे।
यह भी पढ़ें
ENG vs WI: वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड का काम किया तमाम, नेपाल के लिए भी सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीद जगी
