A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs USA: जसप्रीत बुमराह क्यों नहीं खेल रहे यूएसए के खिलाफ मुकाबला? कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस में किया खुलासा

IND vs USA: जसप्रीत बुमराह क्यों नहीं खेल रहे यूएसए के खिलाफ मुकाबला? कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस में किया खुलासा

IND vs USA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला ग्रुप-ए में यूएसए की टीम के खिलाफ खेल रही है, जिसमें प्लेइंग 11 में जसप्रीत बुमराह का नाम शामिल नहीं है।

Jasprit Bumrah- India TV Hindi Image Source : AP जसप्रीत बुमराह

भारतीय टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच ग्रुप-ए में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूएसए की टीम के खिलाफ खेल रही है। इस मुकाबले में यूएसए टीम के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं टीम इंडिया की प्लेइंग में कुछ बड़े बदलाव भी देखने को मिले, इसमें एक नाम मैच विनर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का भी शामिल है जो यूएसए के खिलाफ मैच में नहीं खेल रहे हैं। बुमराह के बाहर रहने के पीछे का कारण का खुलासा टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय किया।

जसप्रीत बुमराह नहीं हैं पूरी तरह से फिट

यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में टॉस हारने के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हम पहले बैटिंग करना चाहते थे। यहां की पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है। मैंने यहां काफी क्रिकेट खेला है। यहां हवा भी चल रही है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि बाद में अधिक ओस पड़ेगी। बेशक थोड़ा प्रेशर तो होगा ही। हम इस बात से भाग नहीं सकते, लेकिन यह नया टूर्नामेंट है, हम उसी तरह खेलना चाहते हैं जैसे हम पिछले एक-दो सालों से खेल रहे हैं और उसी चीज को जारी रखना चाहते हैं। यह गेम शुरू होने से पहले का माहौल है और मुझे यकीन है कि जब हम बैटिंग शुरू करेंगे, तो यह और भी जबरदस्त होगा। हमारे पास वाशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन नहीं हैं। बदकिस्मती से जसप्रीत बुमराह ठीक नहीं हैं, इसलिए मोहम्मद सिराज खेल रहे हैं।

बीसीसीआई ने भी जसप्रीत बुमराह को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उनके इस मुकाबले में ना खेलने की जानकारी दी, जिसमें उन्होंने लिखा कि बुमराह बीमारी की वजह से USA के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच में सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे। BCCI की मेडिकल टीम उनकी हालत पर करीब से नजर रख रही है।

यहां पर देखिए भारत बनाम यूएसए मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत - ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती।

यूएसए - सैतेजा मुक्कमल्ला, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान।

टीम इंडिया ने पिछली बार दी थी मात

टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का दूसरी बार यूएसए से सामना हो रहा है, जिसमें पिछली बार दोनों टीमों के बीच मुकाबला साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप खेला गया था और उस मैच में टीम इंडिया 7 विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही थी। टीम इंडिया का इस मैच में भी पलड़ा साफतौर पर भारी माना जा रहा है और वह टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ करना चाहेंगे।

ये भी पढ़ें

टी20 वर्ल्ड 2026 का आगाज होते ही टूटा क्रिस गेल का 17 साल पुराना रिकॉर्ड, इस खिलाड़ी सिर्फ इतनी गेंदों में जड़ी फिफ्टी

सूर्यकुमार यादव का दोस्त बन गया 'दुश्मन', 6 मैच साथ खेला, अब विरोधी टीम में आएगा नजर

Latest Cricket News