1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: जसप्रीत बुमराह ने किया बड़ा कमाल, छोड़ दिया लसिथ मलिंगा को पीछे

IND vs SA: जसप्रीत बुमराह ने किया बड़ा कमाल, छोड़ दिया लसिथ मलिंगा को पीछे

IND vs SA: भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अहमदाबाद के मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 का मुकाबला खेल रही है, जिसमें टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है और उन्होंने एक खास मामले में लसिथ मलिंगा को पीछे भी छोड़ दिया है।

Jasprit Bumrah- India TV Hindi
Image Source : AFP जसप्रीत बुमराह

भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने सुपर-8 का अभियान साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले के साथ कर रही है, जिसमें दोनों टीमों के बीच ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अफ्रीकी कप्तान माक्ररम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया जिसके बाद उनकी टीम ने 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रनों का स्कोर बनाया है। इस मैच में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला है। इस मैच में उन्होंने अपने 4 ओवर्स में जहां सिर्फ 15 रन दिए तो वहीं तीन विकेट भी लेने में कामयाब रहे। इस मैच में बुमराह ने एक बड़ा कारनामा भी किया जिसमें वह श्रीलंकाई दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ने में कामयाब रहे।

बुमराह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बोल्ड करने के मामले में पहुंचे दूसरे नंबर पर

टी20 इंटरनेशनल में जसप्रीत बुमराह की गिनती मैच विनर गेंदबाजों में की जाती है, जो अपने दम पर पूरे मुकाबले का रुख पलट सकते हैं। जसप्रीत बुमराह अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बोल्ड के जरिए विकेट हासिल करने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें इस लिस्ट में पहले नंबर पर अफगानिस्तान टीम के कप्तान और बेहतरीन लेग स्पिनर राशिद खान काबिज हैं। राशिद खान ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में कुल 58 विकेट बोल्ड के जरिए हासिल किए हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह 44 विकेट बोल्ड के जरिए हासिल कर चुके हैं। लसिथ मलिंगा को लेकर बात की जाए तो उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में कुल 43 विकेट बोल्ड के जरिए अपने नाम किए थे।

टी20 इंटरनेशनल में बोल्ड के रूप में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले खिलाड़ी

  • राशिद खान (अफगानिस्तान) - 58 बोल्ड
  • जसप्रीत बुमराह (भारत) - 44 बोल्ड
  • एहसान खान (हांगकांग) - 44 बोल्ड
  • लसिथ मलिंगा (श्रीलंका) - 43 बोल्ड
  • वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) - 42 विकेट

टीम इंडिया के अन्य गेंदबाजों का दिखा निराशाजनक प्रदर्शन

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में जसप्रीत बुमराह का जहां गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला, तो वहीं अन्य गेंदबाज उम्मीद पर बिल्कुल भी खरा नहीं उतर सके। बुमराह ने जहां अपने चार ओवर्स में सिर्फ 15 रन दिए तो वहीं बाकी के 16 ओवर्स में साउथ अफ्रीकी टीम कुल 172 रन बनाने में कामयाब रही। इस मैच में वरुण चक्रवर्ती से लेकर हार्दिक पांड्या सभी ने गेंद से पूरी तरह निराश किया।

ये भी पढ़ें

SL vs ENG: सुपर-8 में इंग्लैंड ने जीत के साथ किया आगाज, श्रीलंका को थमाई बड़ी हार

ENG vs SL: Super 8 मैच में श्रीलंकाई कप्तान का रॉकेट थ्रो, तूफानी बल्लेबाज को किया रन आउट, देखें VIDEO

Latest Cricket News