पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जायडन सील्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट निकाले। इस दौरान उन्होंने अपने 7.2 ओवर के स्पेल में 18 रन खर्च किए। इस बेहतरीन स्पेल के साथ ही जायडन सील्स ने डेल स्टेन का 13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में किसी भी गेंदबाज का बेस्ट स्पेल है।
डेल स्टेन ने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ चटकाए थे 6 विकेट
इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में बेस्ट गेंदबाजी का रिकॉर्ड डेल स्टेन के नाम था। उन्होंने 2012 में गकेरबाह में खेले गए एक मैच में 39 रन देकर पाकिस्तान के 6 बल्लेबाजों को आउट किया था। इन दोनों के अलावा सिर्फ श्रीलंका के थिसारा परेरा तीसरे ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में एक पारी में छह विकेट चटकाए हैं। परेरा ने ये कारनामा 2012 में किया था।
वेस्टइंडीज के लिए वनडे में बेस्ट बॉलिंग आंकड़े
जायडन सील्स 18 रन देकर 6 विकेट वेस्टइंडीज के किसी गेंदबाज का तीसरा सबसे बेस्ट प्रदर्शन है। वेस्टइंडीज के लिए वनडे में बेस्ट स्पेल डालने का रिकॉर्ड विंस्टन डेविस के नाम है। उन्होंने 1983 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीड्स में 51 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे। इसके बाद 1981 में कॉलिन क्रॉफ्ट ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 15 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। सील्स का प्रदर्शन 42 साल में वनडे में किसी वेस्टइंडीज गेंदबाजों का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। सील्स ने इन तीन मैचों की सीरीज में 10 विकेट चटकाए और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला।
शाई होप ने लगाया शानदार शतक
तीसरे वनडे मैच की बात करें तो वहां वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 294 रन बनाए। विंडीज के लिए शाई होप ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 94 गेंदों पर 10 चौके और 5 छक्के की मदद से 120 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 92 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए सलमान अली आगा ने सबसे ज्यादा 49 गेंदों पर 30 रन बनाए। मोहम्मद नवाज ने पाकिस्तान के लिए 28 गेंदों पर 23 रन बनाए।
यह भी पढ़ें
वेस्टइंडीज ने वनडे क्रिकेट में पहली बार किया ऐसा करिश्मा, जीत के साथ बदल गया 50 साल पुराना इतिहास
एबी डिविलियर्स से आगे निकल गए शे होप, अब एमएस धोनी के रिकॉर्ड पर नजर
Latest Cricket News