Shai Hope: वेस्टइंडीज के वनडे कप्तान शे होप इस वक्त शानदार खेल दिखा रहे हैं। कप्तान जब रन बनाता है तो फिर बाकी टीम के लिए आसान हो जाता है। शे होप कुछ इसी तरह का काम कर रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में शे होप ने एक और शतकीय पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। खास बात ये है कि शे होप ने इस सेंचुरी के साथ ही साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स को पीछे कर दिया है, वहीं अब केवल एमएस धोनी ही उनसे आगे हैं।
होप ने केवल 94 बॉल पर ठोक दिए 120 रन
पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में शे होप ने 94 बॉल पर 120 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 5 छक्के जड़ने में कामयाबी हासिल की। वे नंबर चार पर उस वक्त बल्लेबाजी के लिए आए थे, तब टीम थोड़ी सी संकट में थी। लेकिन अपनी शतकीय पारी की बदौलत शे होप ने टीम का स्कोर 294 रन तक पहुंचा दिया, जो पाकिस्तान के लिए काफी साबित हुआ।
अब तक लगा चुके हैं 18 वनडे शतक, विकेट कीपर कप्तान के तौर पर ये पांच सेंचुरी
शे होप अब तक वेस्टइंडीज के लिए 142 वनडे मैच खेलकर 18 शतक लगा चुके हैं। अब तक पांच हजार से अधिक वनडे रन बनाने वाले शे होप ने 29 अर्धशतक लगाए हैं। लेकिन कप्तान के तौर पर अगर बात करें तो वे अब तक पांच शतक लगा चुके हैं। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेट कीपर कप्तान एमएस धोनी हैं, जिनके नाम छह शतक दर्ज हैं। इस अपने पांचवें शतक के साथ ही शे होप ने साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया है। जिन्होंने विकेट कीपर कप्तान के तौर पर चार शतक लगाने का काम किया था। यानी दो शतक अगर विकेट कीपर कप्तान के तौर पर शे होप ने और लगा दिए तो वे एमएस धोनी को पीछे कर पहले नंबर पर पहुंच जाएंगे।
बहुत खराब दौर से गुजर रही थी वेस्टइंडीज की टीम
वेस्टइंडीज की टीम ने पिछले कुछ वक्त में काफी खराब दिन देखे हैं। टीम पिछला वनडे विश्व कप और उसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी भी नहीं खेल पाई थी, क्योंकि टीम ने उसके लिए क्वालीफाई भी नहीं किया था। लेकिन अब शे होप की कप्तानी में टीम धीरे धीरे फिर से जीत की राह की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही है।