भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट एक बार फिर इंग्लैंड की धरती पर अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। अनुभवी बाएं हाथ के पेसर इस सप्ताह के अंत में इंग्लैंड रवाना होंगे, जहां वह काउंटी चैंपियनशिप के शेष मुकाबलों में ससेक्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। भारतीय घरेलू क्रिकेट सीजन से पहले इसे उनादकट के लिए अहम तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।
साल 2023 से ससेक्स का हिस्सा रहे उनादकट फिलहाल सिर्फ काउंटी चैंपियनशिप के लिए अनुबंधित हैं। इंग्लैंड में इस समय रेड-बॉल क्रिकेट पर ब्रेक है। सभी का फोकस द हंड्रेड और वन-डे कप जैसे व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट पर है। जैसे ही काउंटी चैंपियनशिप दोबारा शुरू होगी, उनादकट टीम से जुड़ जाएंगे।
ससेक्स के लिए खेलेंगे उनादकट
IPL 2026 की व्यस्तताओं के कारण वह इस सीजन के शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं थे। जून में उन्होंने ससेक्स के लिए दो मैच खेले और फिर भारत लौट आए थे। अब वह फिर इंग्लैंड पहुंचेंगे और 20 अगस्त से बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर वारविकशायर के खिलाफ शुरू होने वाले मुकाबले से टीम के साथ अपने दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। ससेक्स को इस सीजन में अभी 6 मुकाबले और खेलने हैं।
उनादकट ने क्रिकबज से बातचीत में कहा कि वह फिर से काउंटी क्रिकेट खेलने जा रहे हैं। पिछले चार सीजन से मैं ससेक्स का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और भारतीय घरेलू सीजन से पहले यह मेरे लिए बेहतरीन तैयारी होगी। पिछले सीजन में उनके साथ सौराष्ट्र के अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा भी ससेक्स का हिस्सा थे।
उनादकट का रिकॉर्ड शानदार
ससेक्स के लिए उनादकट का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 13 काउंटी मुकाबलों में 57 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 17.75 और स्ट्राइक रेट 38.2 रहा है, जबकि एक बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है। मौजूदा सीजन में खेले गए दो मैचों की चार पारियों में उन्होंने आठ विकेट चटकाए हैं।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन की कप्तानी में ससेक्स इस समय काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन की पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। टीम ने अब तक आठ मैचों में चार जीत, दो हार और दो ड्रॉ दर्ज किए हैं। उनादकट के अलावा इस सीजन काउंटी चैंपियनशिप में भारत के युजवेंद्र चहल (नॉटिंघमशायर) और राहुल चाहर (सरे) भी खेल रहे हैं। वहीं, कुलदीप यादव यॉर्कशायर के लिए वन-डे कप खेल रहे हैं और मानव सुथार ने जून में वारविकशायर के लिए दो काउंटी मैच खेले थे। दोनों ही खिलाड़ी श्रीलंका दौरे के बाद चैंपियनशिप के अंतिम चरण में अपनी-अपनी टीमों से जुड़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:
जोस बटलर ने तोड़ा कायरन पोलार्ड का वर्ल्ड रिकॉर्ड, बने टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले बांग्लादेश के लिए राहत भरी खबर, लिटन दास ने शुरू की विकेटकीपिंग प्रैक्टिस
Latest Cricket News