1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत का श्रीलंका दौरा खत्म होते ही इंग्लैंड रवाना होंगे मानव सुथार, वार्विकशायर ने स्क्वाड में किया शामिल

भारत का श्रीलंका दौरा खत्म होते ही इंग्लैंड रवाना होंगे मानव सुथार, वार्विकशायर ने स्क्वाड में किया शामिल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 30, 2026 11:27 pm IST,  Updated : Jul 30, 2026 11:27 pm IST

भारतीय स्पिनर मानव सुथार श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद एक बार फिर इंग्लैंड की काउंटी टीम वार्विकशायर से जुड़ेंगे। उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के आखिरी चार मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है।

Manav Suthar- India TV Hindi
मानव सुथार Image Source : AFP

भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए स्पिनर मानव सुथार का इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट का सफर आगे भी जारी रहेगा। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने गए बाएं हाथ के स्पिनर सुथार टेस्ट सीरीज खत्म होते ही एक बार फिर वार्विकशायर की ओर से खेलते नजर आएंगे। क्लब ने उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के मौजूदा सीजन के आखिरी चार मुकाबलों के लिए अपने साथ जोड़ लिया है।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार आंकड़े

मानव सुथार इससे पहले भी इस सीजन में वार्विकशायर के लिए दो काउंटी चैंपियनशिप मैच खेल चुके हैं और अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने उन दो मुकाबलों में 11 विकेट झटके, जिसमें एक शानदार पांच विकेट हॉल भी शामिल रहा। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम अब 32 मैचों में 147 विकेट दर्ज हैं, जो उनकी लगातार बढ़ती प्रभावशीलता को दर्शाता है।

वार्विकशायर ने सिर्फ मानव सुथार ही नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज विल यंग को भी टीम में वापस शामिल किया है। यंग पिछले सीजन क्लब के लिए तीन मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 53 की औसत से रन बनाए थे। इस बार वह काउंटी चैंपियनशिप के शेष 6 मैचों में टीम का हिस्सा होंगे।

2021 की काउंटी चैंपियन वार्विकशायर इस समय डिवीजन वन की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान से सिर्फ पांच पॉइंट पीछे है और खिताब की रेस में मजबूती से बनी हुई है। ऐसे में क्लब को उम्मीद है कि मानव सुथार और विल यंग की वापसी टीम को सीजन के निर्णायक दौर में मजबूती देगी।

वार्विकशायर ने जारी किया बयान

वार्विकशायर के परफॉर्मेंस डायरेक्टर जेम्स थॉमस ने दोनों खिलाड़ियों की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पिछली बार क्लब से जुड़ने पर मानव और विल दोनों ने शानदार प्रभाव छोड़ा था। उनके मुताबिक टीम ने इस सीजन रेड-बॉल क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और खिताब की होड़ के बीच इन दोनों खिलाड़ियों का अनुभव और क्वालिटी टीम के लिए बेहद अहम साबित होगी।

थॉमस ने मानव सुथार की खास तौर पर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस साल की शुरुआत में ही दिखा दिया था कि वह अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदलने की काबिलियत रखते हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर बल्ले से भी उपयोगी योगदान दे सकते हैं। अब सभी की नजरें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर होंगी, जहां मानव सुथार भारतीय टीम के लिए अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे। इसके बाद वह इंग्लैंड लौटकर वार्विकशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम चरण में अहम भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़ें:

श्रीलंका में कैसा है भारत का टेस्ट रिकॉर्ड? कप्तान शुभमन गिल के सामने चुनौती होगी कड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल