भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल टेस्ट मैच के चौथे दिन जो रूट के बल्ले से बेहतरीन शतकीय पारी देखने को मिली है। रूट का बल्ला इस टेस्ट सीरीज में जमकर बोलते हुए देखने को मिला है, जिसमें वह रन बनाने वाले प्लेयर्स की लिस्ट में भारतीय कप्तान के बाद दूसरे नंबर पर हैं। रूट के बल्ले से कुल 500 से भी अधिक रन देखने को मिले हैं, जिसमें तीन शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी शामिल है। जो रूट ने ओवल टेस्ट मैच में शतक लगाने के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया जिसमें उन्होंने एक साथ रिकी पोंटिंग सहित तीन दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
घर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने जो रूट
जो रूट अब टेस्ट क्रिकेट में घर पर सबसे ज्यादा शतकीय पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। जो रूट का ये उनके टेस्ट करियर का घर में 24वां शतक था, जिसके साथ ही रूट ने महेला जयवर्धने, जैक कैलिस और रिकी पोंटिंग तीनों को ही पीछे छोड़ने का काम किया है। इन तीनों ही दिग्गज बल्लेबाजों ने अपने-अपने घर पर 23-23 शतक लगाए थे। जो रूट ने अपने इंटरनेशनल करियर में भारत के खिलाफ 16वीं बार शतकीय पारी खेली है, जिसके साथ ही वह टीम इंडिया के खिलाफ तीनों फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में स्टीव स्मिथ के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।
घर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले खिलाड़ी
- जो रूट (इंग्लैंड) - 24 शतक
- महेला जयवर्धने (श्रीलंका) - 23 शतक
- जैक कैलिस (साउथ अफ्रीका) - 23 शतक
- रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 23 शतक
टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में संगकारा से निकले आगे
अपने 39वें टेस्ट शतक के साथ अब जो रूट ने कुमार संगकारा को पीछे छोड़ने के साथ सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने वाले प्लेयर्स की लिस्ट में चौथे नंबर पर कब्जा कर लिया है। रूट अब इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, जैक कैलिस और सिर्फ रिकी पोटिंग से पीछे हैं। रूट के पास इस साल के आखिरी में पोंटिंग को छोड़ने का मौका होगा जब इंग्लैंड की टीम एशेज सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।
टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी
- सचिन तेंदुलकर (भारत) - 51 शतक
- जैक कैलिस (साउथ अफ्रीका) - 45 शतक
- रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 41 शतक
- जो रूट (इंग्लैंड) - 39 शतक
- कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 38 शतक
ये भी पढ़ें
IND vs ENG: राहुल के लिए पोप का कैच बन गया खास, विराट कोहली से इस लिस्ट में निकल गए आगे
सिराज ने पकड़ी गेंद, विकेट मिलने का जश्न मनाने लगे प्रसिद्ध कृष्णा; फिर इस चूक से गम में बदली खुशी
Latest Cricket News