1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेलेगा ये अंग्रेज गेंदबाज? सामने आया बड़ा अपडेट

भारतीय टीम के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेलेगा ये अंग्रेज गेंदबाज? सामने आया बड़ा अपडेट

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। इंग्लिश गेंदबाजों ने लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में खूब रन लुटाए थे। इस बीच दूसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लिश टीम में इस घातक गेंदबाज की वापसी हुई है।

Jofra Archer- India TV Hindi
Image Source : GETTY जोफ्रा आर्चर

इंग्लैंड और भारत के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच एजबेस्टन में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले इंग्लैंड की टीम में एक बड़ा बदलाव हुआ है। एजबेस्टन टेस्ट मैच के लिए जोफ्रा आर्चर को इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया है। लेकिन वह इस मुकाबले में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने जोफ्रा आर्चर के खेलने पर बड़ा अपडेट साझा किया है।

ECB अधिकारी ने जोफ्रा आर्चर को लेकर दी बड़ी अपडेट

स्काई स्पोर्ट्स के हवाले से रॉब की ने कहा कि मैं कल्पना करूंगा कि वह अगले दो टेस्ट में से कम से कम एक में भी खेलें। अभी के हिसाब से यही है। लेकिन कौन जानता है? वह एजबेस्टन टेस्ट मैच में भी खेलते हुए दिख सकता है। सभी विकल्प मौजूद हैं। पिछले 6 महीने में आर्चर ने जो मेहनत की है वह अब रंग ला रही है। एक समय ऐसा आता है जब आपकी गेंदबाजी पर भार पड़ता है क्योंकि आप तैयारी कर रहे होते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आर्चर को वापस मैदान पर देखना शानदार होगा। वह एक अविश्वसनीय प्रतिभा है, और यह बहुत लंबा सफर रहा है। पिछले दो सालों से हमने उनको टी20 में चार ओवर के स्पेल से लेकर 50 ओवर के क्रिकेट के लिए तैयार किया है। वह अपनी तैयारी के लिए बहुत मेहनत कर रहा है। हमें उम्मीद है कि जब उनको टेस्ट क्रिकेट में दोबारा मौका मिलेगा वहां पर वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

टेस्ट क्रिकेट में जोफ्रा आर्चर का प्रदर्शन

आर्चर ने अपना आखिरी टेस्ट मैच भारत के खिलाफ अहमदाबाद में 2021 में खेला था। उस मैच में भी आर्चर गेंद से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। टेस्ट क्रिकेट में आर्चर के आंकड़े की बात करें तो वहां उन्होंने अब तक 13 मैचों में 31.04 के औसत से 42 विकेट लिए हैं। वहीं आर्चर भारत के खिलाफ अब तक सिर्फ दो टेस्ट मैच खेल पाए हैं। वहां अब तक वह सिर्फ 4 विकेट ले पाए हैं। अब देखना ये होगा कि अगर आर्चर को दूसरे टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिलता है तो वहां उनका प्रदर्शन कैसा रहेगा।

यह भी पढ़ें

यशस्वी जायसवाल के पास इतिहास रचने का मौका, एजबेस्टन टेस्ट मैच में तोड़ सकते हैं द्रविड़-सहवाग का रिकॉर्ड

दूसरे टेस्ट से पहले आई बड़ी खुशखबरी, इस धाकड़ बल्लेबाज के खेलने की पूरी संभावना!

Latest Cricket News