1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PBKS vs GT: कौन है गुजरात टाइटंस की हार का विलेन, किसने डुबोई टीम की नैया

PBKS vs GT: कौन है गुजरात टाइटंस की हार का विलेन, किसने डुबोई टीम की नैया

पंजाब ​किंग्स ने इस साल के आईपीएल में पहला मैच जीत लिया है, वहीं गुजरात टाइटंस का हार के साथ आगाज हुआ है। जॉस बटलर का बल्ला एक बार फिर नहीं चला।

jos buttler and shubman gill- India TV Hindi
Image Source : AP जॉस बटलर और शुभमन गिल

पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया आईपीएल 2026 का मुकाबला कुछ रोचक रहा। वैसे तो पहले बैटिंग करते हुए गुजरात की टीम ने कोई खास स्कोर नहीं बनाया था, लेकिन इसके बाद भी मैच आखिरी ओवर तक गया। इस बीच सवाल है कि गुजरात टाइटंस की इस हार का सबसे बड़ा विलेन कौन है। किसकी वजह से गुजरात को अपने पहले ही मैच में हार का मुंह देखना पड़ा है। 

जॉस बटलर के​ बल्ले से फिर नहीं निकले रन

शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस की टीम आईपीएल 2026 का पहला मैच पंजाब किंग्स से 3 विकेट से हार गई है। इस बीच जॉस बटलर के बल्ले से फिर रन नहीं निकले। वे काफी देर तक क्रीज पर रहे, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट काफी खराब था। जब तेजी से रन बनाने की जरूरत थी, तब वे आउट हो गए। इस बार भी गुजरात की पारी का आगाज साई सुदर्शन और शुभम​न ​गिल कर रहे हैं। टीम का पहला विकेट जल्दी गिर गया था। साई सुदर्शन जब आउट हुए त​ब टीम का स्कोर केवल 37 रन था। साई ने 11 बॉल पर 13 रनों की छोटी पारी खेली। 

33 बॉल पर केवल 38 रन बनाकर आउट हो गए जॉस

जॉस बटलर एक बार फिर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। जॉस के आने के बाद शुभमन गिल और ग्लेन फिलिप्स आउट हो गए। इसके बाद चौथे बैटर के रूप में जॉस बटलर आउट हुए। जॉस जब आउट हुए, तब टीम का स्कोर 129 रन था और 16वां ओवर चल रहा था। जॉस​ चौथे ओवर में ही बैटिंग के लिए आ गए थे, उसके बाद 16वें ओवर तक क्रीज पर रहे। उन्होंने 33 बॉल पर केवल 38 रन बनाए। इसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। जब टीम को आखिर ओवरों में रनों की जरूरत थी, जब जॉस आउट हो गए। 

खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं बटलर

इस वक्त जॉस बटलर खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, उम्मीद की जा रही थी कि वे कम से कम आईपीएल में तो फार्म में आ जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। जॉस ने पिछली 15 टी20 पारियों में 201 बॉल प 232 रन बनाए हैं। उनका औसत करीब 15 का है और वे 115 के आसपास के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। इस दौरान शतक की बात तो दूर की है, वे अर्धशतक तक नहींं लगा पाए हैं। ​बटलर का पिछला आईपीएल सीजन भी काफी खराब गया था। 

कम स्कोर के बाद भी आखिर ओवर तक गया मुकाबला

गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर में केवल 162 रन ही बना सकी। इसके बाद पंजाब की टीम ने आखिरी ओवर की पहली बॉल पर मैच जीत लिया। यही अगर जॉस बटलर कुछ रन बनाते और गुजरात की टीम 180 का भी स्कोर पार जाती तो उसके लिए जीत की संभावना बनती। जॉस क्रीज पर तो काफी देर रहे, लेकिन रन उनके बल्ले से नहीं आ आए, ऐसे में सीधे तौर पर वही गुजरात की हार के सबसे बड़े विलेन हैं। आने वाले मैचों में भी उन पर नजर रही कि वे कैसी बल्लेबाजी करते हैं। 

यह भी पढ़ें 

मिल गया आईपीएल में जीत का मंत्र, एक ही पैटर्न पर जीती लगातार चार टीमें

क्रिकेट बोर्ड ने कर दिया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, आखिर किन प्लेयर्स को मिली एंट्री

Latest Cricket News