3 विकेट लेकर जोश हेजलवुड ने हासिल किया बड़ा मुकाम, इस मामले में कर ली मिचेल स्टार्क की बराबरी
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में हेजलुवड संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं। वह अब तक T20Is में 79 विकेट ले चुके हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी-20 में भारत को 4 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया की इस जीत में जोश हेजलवुड ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस मैच 3 विकेट निकाले और ऑस्ट्रेलिया के लिए T20Is में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मिचेल स्टार्क के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस मैच में जोश हेजलवुड को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। उन्होंने शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का विकेट लिया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए T20Is में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड एडम जम्पा के नाम है। जम्पा ने 106 मैचों में अब तक 131 विकेट हासिल किए हैं। इस लिस्ट में हेजलुवड संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं। हेजलवुड ने अपने करियर में अब तक 60 मैच की 59 पारियों में 79 विकेट चटकाए हैं। वहीं इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके मिचेल स्टार्क के नाम 65 पारियों में 79 विकेट दर्ज हैं। उसके बाद इस लिस्ट में पैट कमिंस का नाम है। कमिंस ने 57 मैचों में 66 विकेट चटकाए हैं।
इस मामले में दूसरे नंबर पर पहुंचे जोश हेजलवुड
जोश हेजलवुड अब भारत के खिलाफ एक टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में पावरप्ले के दौरान बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन करने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। पावरप्ले में डाले गए अपने तीन ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट लिए। इस लिस्ट में पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ही जेसन बेहरनडोर्फ का नाम हैं। आपको बता दें कि यह मौजूदा सीरीज में हेजलवुड का आखिरी मुकाबला है। उन्हें पांच मैच की सीरीज के पहले दो मैच के लिए ही चुना गया था। अब वह एशेज सीरीज की तैयारी करेंगे, जिसका पहला मुकाबला 21 नवंबर से पर्थ में खेला जाएगा।
दूसरे टी-20 में भारतीय बल्लेबाजों ने किया निराश
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच की बात करें तो वहां जोश हेजलवुड की धारदार गेंदबाजी के आगे भारतीय बल्लेबाज घुटने टेकते हुए नजर आए। उन्होंने पावरप्ले के अंदर ही गिल, सूर्या, तिलक वर्मा को पवेलियन भेज दिया। उनकी इस गेंदबाजी के कारण ही टीम इंडिया इस मैच में दबाव में नजर आई और अंत में 18.4 ओवर में 125 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से इस मैच में अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 68 रन बनाए। उनके अलावा हर्षित राणा ने 35 रन का योगदान दिया।
यह भी पढ़ें
सूर्यकुमार यादव के लिए बुरा सपना साबित हो रहा है साल 2025, सातवीं बार देखना पड़ा ऐसा दिन
IND vs AUS: दूसरे टी-20 मैच में भारत को मिली करारी हार, ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से जीता मुकाबला