A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रियल मैड्रिड के स्टार फुटबॉलर की क्रिकेट में एंट्री, मशहूर फ्रैंचाइजी में खरीदी हिस्सेदारी

रियल मैड्रिड के स्टार फुटबॉलर की क्रिकेट में एंट्री, मशहूर फ्रैंचाइजी में खरीदी हिस्सेदारी

इंग्लैंड से बड़ी खबर सामने आई है। इंग्लैंड के मशहूर फुटबॉलर ने इंग्लैंड की क्रिकेट फ्रैंचाइजी में निवेश किया है।

Jude Bellingham- India TV Hindi
Image Source : AFP रियल मैड्रिड

Jude Bellingham: दुनिया के मशहूर फुटबॉल सितारों में से एक ने क्रिकेट में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का फैसला किया है। दरअसल, इंग्लैंड के मशहूर फुटबॉलर जूड बेलिंघम ने क्रिकेट की दुनिया में कदम रखते हुए इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी बर्मिंघम फीनिक्स में निवेश किया है।

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, रियल मैड्रिड के स्टार मिडफील्डर बेलिंघम ने इस टीम में 1.2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है, जिसकी कीमत करीब 10 लाख पाउंड यानी लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह निवेश उन्होंने अपने होम सिटी क्लब में किया है, जिससे उनका जुड़ाव पहले से रहा है। इस फ्रेंचाइजी में पहले से ही अमेरिकी निवेश फर्म नाइटहेड कैपिटल की 49% हिस्सेदारी है, जबकि होस्ट काउंटी वारविकशायर के पास अब 50.4% हिस्सेदारी हो गई है। बेलिंघम के निवेश के बाद शेयर स्ट्रक्चर में थोड़ा बदलाव आया है।

क्रिकेट से रहा है गहरा नाता

बेलिंघम का कनेक्शन बर्मिंघम से काफी गहरा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बर्मिंघम सिटी की अकादमी से की थी और महज 16 साल की उम्र में सीनियर टीम के लिए डेब्यू कर इतिहास रच दिया था। इसके बाद वह बोरुसिया डॉर्टमुंड और फिर 2023 में रियल मैड्रिड से जुड़े। बहुत कम ही लोग जानते हैं कि बेलिंघम क्रिकेट के भी बड़े फैन हैं। किशोरावस्था में उन्होंने हैगली क्रिकेट क्लब के लिए जूनियर क्रिकेट भी खेला था। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि अगर उन्हें किसी दूसरे खेल के खिलाड़ी के साथ एक दिन के लिए रोल बदलने का मौका मिले, तो वह बेन स्टोक्स को चुनेंगे। वारविकशायर ने फिलहाल इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन 22 अप्रैल को बेलिंगहैम के निवेश की पुष्टि करने की उम्मीद है।

जैकब बेथेल संभालेंगे कप्तानी

गौरतलब है कि बर्मिंघम फीनिक्स अब तक द हंड्रेड टूर्नामेंट में पुरुष और महिला दोनों कैटेगिरी में खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाई है। पिछले सीजन भी टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी। इस साल पुरुष टीम की कप्तानी जैकब बेथेल करेंगे, जबकि महिला टीम की कमान एलिसे पेरी के हाथों में होगी। उम्मीद की जा रही है कि इस निवेश की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी। बेलिंघम की एंट्री से फ्रेंचाइजी को नई पहचान और मजबूती मिलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें:

23 करोड़ वाला खिलाड़ी बन सकता है DC के लिए खतरा! एनगिडी और कुलदीप अभी तक नहीं कर पाए हैं आउट

BAN vs NZ: ODI सीरीज के बीच टीम में बड़ा बदलाव, स्क्वॉड में धाकड़ खिलाड़ी की एंट्री

Latest Cricket News