साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के पांचवें दिन के खेल में मेजबान अफ्रीकी टीम के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा एक ऐतिहासिक कारनामा अपने नाम दर्ज कराने में कामयाब हो गए। केपटाउन टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने पर साउथ अफ्रीका की टीम अपनी दूसरी पारी में 387 रन बनाकर सिमट गई थी, जिसके साथ ऑस्ट्रेलिया को पांचवें दिन के खेल में अपनी दूसरी पारी में जीत के लिए 288 रनों का टारगेट मिला लेकिन पहले ही सेशन में उनकी शुरुआत काफी खराब रही जिसमें रबाडा ने पहले दो झटके देने के साथ ही जैसे ही ट्रैविस हेड के रूप में अपना तीसरा विकेट हासिल किया वह टेस्ट में अपने 350 विकेट पूरे करने में कामयाब हो गए, जिसके साथ ही इस तेज गेंदबाज ने अपने ही हमवतन खिलाड़ी डेल स्टेन का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ने में कामयाबी हासिल की।
सबसे कम गेंदों में 350 विकेट पूरे करने वाले बने रबाडा तेज गेंदबाज
केपटाउन टेस्ट में कगिसो रबाडा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में अपनी गेंद से कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके थे, जिसमें उनके खाते में सिर्फ एक विकेट आया था। वहीं उन्होंने कंगारू टीम की दूसरी पारी में शानदार वापसी करने के साथ पहले तीन विकेट काफी जल्दी पांचवें दिन के खेल में हासिल कर लिए। रबाडा अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 350 विकेट का आंकड़ा पूरा करने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के ही पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन के नाम पर था, जिन्होंने 14719 गेंदों में यह कारनामा किया था। वहीं कगिसो रबाडा 13808 गेंदों में 350 टेस्ट विकेट पूरा करने में कामयाब हो गए।
टेस्ट में सबसे कम गेंदों में 350 विकेट पूरे करने वाले तेज गेंदबाज
- कगिसो रबाडा (साउथ अफ्रीका) - 13808 गेंद
- डेल स्टेन (साउथ अफ्रीका) - 14719 गेंद
- वकार यूनिस (पाकिस्तान) - 14905 गेंद
- मैलकम मार्शल (वेस्टइंडीज) - 16285 गेंद
- मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) - 16908 गेंद
रबाडा ने 75वें टेस्ट में पूरे किए अपने 350 विकेट
कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट का आंकड़ा 75वें मुकाबले में पूरा किया, जिसमें वह इस मामले में संयुक्त रूप से मैलकम मार्शल के साथ चौथे तेज गेंदबाज बने हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर संयुक्त रूप से रिचर्ड हेडली और डेल स्टेन का नाम है, जिसमें दोनों ने 69 टेस्ट में यह कारनामा किया था, जबकि दूसरे नंबर पर 70 टेस्ट के साथ डेनिस लिली तो वहीं तीसरे नंबर पर 74 टेस्ट के साथ ग्लेन मैक्ग्रा का नाम है। रबाडा टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा पूरा करने वाले साउथ अफ्रीका के लिए अब तक के सिर्फ चौथे गेंदबाज हैं, जिसमें उनसे पहले डेल स्टेन, शॉन पोलाक और मखाया एनटिनी यह कारनामा कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम में हुआ बदलाव, आकिब नबी को मिली जगह
अक्षर पटेल का T20 क्रिकेट में ऐतिहासिक डबल, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय ऑलराउंडर
Latest Cricket News