साउथ अफ्रीका को लगा तगड़ा झटका, कगिसो रबाडा पूरी वनडे सीरीज से हुए बाहर
कगिसो रबाडा चोट की वजह से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। इससे पहले खेली गई तीन मैचों की टी-20 सीरीज में उन्होंने 5 विकेट झटके थे।
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 19 अगस्त से हो रही है। सीरीज का पहला मैच केजली स्टेडियम केर्न्स में खेला जाएगा। वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को तगड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा टखने में सूजन की वजह से वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
टी-20 सीरीज में कगिसो रबाडा ने की थी अच्छी गेंदबाजी
कगिसो रबाडा को ये चोट टी-20 सीरीज के दौरान लगी थी। हालांकि अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं हुआ है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच खेली गई तीन मैचों की टी-20 सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से अपने नाम किया था। इस सीरीज में रबाडा ने पांच मैच लिए थे। अब उनकी गैरमौजूदगी में साउथ अफ्रीका की टीम वनडे सीरीज में कैसा प्रदर्शन करती है ये देखना दिलचस्प होगा।
वनडे फॉर्मेट में रबाडा के आंकड़ों की बात करें तो वह 106 ODI मैच खेल चुके हैं। वहां उन्होंने 27.45 की औसत से 168 विकेट हासिल किए हैं। इस फॉर्मेट में उनका बेस्ट प्रदर्शन 16 रन देकर 6 विकेट रहा है। ऐसे में उनका बाहर होना साउथ अफ्रीकी टीम के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर किया गेंदबाजी का फैसला
पहले वनडे मैच की बात करें तो वहां ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम में मार्नस लाबुशेन की वापसी हुई है। वहीं साउथ अफ्रीका के लिए आज दो खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं। डेवाल्ड ब्रेविस और प्रेनेलन सुब्रायेन को इस मैच में साउथ अफ्रीका के लिए डेब्यू करने का मौका मिला है।
पहले वनडे मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
ऑस्ट्रेलिया: ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), एलेक्स केरी, आरोन हार्डी, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्करम (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन, टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, वियान मुल्डर, केशव महाराज, प्रेनेलन सुब्रायन, नांद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी
यह भी पढ़ें
महाकाल की शरण में पहुंचे नितीश राणा, कहा- पिछले 2-3 साल में सब कुछ इनकी वजह से हासिल किया हूं
डेवाल्ड ब्रेविस कर सकते हैं ODI डेब्यू, मैच से पहले कप्तान बावुमा ने दिया हिंट
