1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR SWOT Analysis: केकेआर के लिए इस IPL सीजन काफी हैं चुनौतियां, आसान नहीं होगी कप जीतने की राह

KKR SWOT Analysis: केकेआर के लिए इस IPL सीजन काफी हैं चुनौतियां, आसान नहीं होगी कप जीतने की राह

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की राह आसान नहीं रहने वाली है, जिसमें उनके पास स्क्वाड में कई बड़े नाम तो मौजूद हैं, लेकिन कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के अनफिट होने से उनके लिए कप जीतने की राह आसान नहीं रहने वाली है।

कोलकाता नाइट राइडर्स- India TV Hindi
Image Source : AFP कोलकाता नाइट राइडर्स

इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए काफी अहम रहने वाला है, जिसमें उनकी नजरें चौथी बार ट्रॉफी को अपने नाम करने पर रहने वाली हैं। हालांकि केकेआर के लिए ये राह आसान नहीं रहने वाली है क्योंकि पिछला सीजन उनके लिए काफी खराब रहा था। कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल के पिछले सीजन में लीग स्टेज में 8वें नंबर पर रहते हुए खत्म किया था। केकेआर ने लीग स्टेज में 14 मैचों में खेलते हुए सिर्फ 5 में ही जीत हासिल की थी और उन्हें 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उन्होंने इस सीजन को लेकर हुए आईपीएल मिनी प्लेयर ऑक्शन में कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में अपना हिस्सा बनाया था। इसके बावजूद केकेआर के लिए आईपीएल 2026 सीजन में चुनौतियां कम नहीं रहने वाली हैं।

केकेआर ने ऑक्शन में इन खिलाड़ियों पर लगाया दांव

कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल 2026 सीजन को लेकर हुए प्लेयर ऑक्शन में सबसे ज्यादा पर्स के साथ पहुंची थी। इसके चलते वह कैमरून ग्रीन को जहां अपने स्क्वाड का हिस्सा बनाने में सफल रहे तो वहीं फिन एलन भी केकेआर की तरफ से खेलते हुए दिखाई देंगे। दोनों ही खिलाड़ियों की गिनती मैच विनर के तौर पर की जाती है जो अपने दिन पर अकेले ही पूरा मुकाबला पलटने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा केकेआर की टीम में टॉप ऑर्डर में रचिन रवींद्र और टिम सीफर्ट का विकल्प भी मौजूद रहेगा।

Image Source : INDIA TVकोलकाता नाइट राइडर्स

टॉप ऑर्डर है बेहद मजबूत, गेंदबाजी में सुनील नरेन पर रहेगी बड़ी जिम्मेदारी

केकेआर के स्क्वाड को देखा जाए तो आईपीएल 2026 में उनके लिए सबसे बड़ी मजबूती उनका बेहतरीन आक्रामक टॉप ऑर्डर है, जिसमें फिन एलन के अलावा सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे और अंगकृष रघुवंशी जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। इसमें एलन और टिम सीफर्ट का जहां ओपनिंग करना तय माना जा सकता है, तो वहीं बाकी के प्लेयर्स को स्थिति के अनुसार रोटेट भी किया जा सकता है। केकेआर टीम की इसके बाद गेंदबाजी को लेकर बात की जाए तो उसमें उनके पास सुनील नरेन के रूप में एक ऐसा स्पिनर मौजूद है, जिसके खिलाफ तेजी के साथ रन बनाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान काम नहीं रहने वाला है। इसके अलावा उनके पास तेज गेंदबाजी में उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी अहम भूमिका निभा सकते हैं।

अहम खिलाड़ियों की फिटनेस है बड़ी समस्या, चक्रवर्ती का फॉर्म भी दे रहा टेंशन

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑक्शन के बाद अपना स्क्वाड तो काफी शानदार बनाया था, लेकिन सीजन का आगाज होने से ठीक पहले उनके कई खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अभी तक स्थिति पूरी तरह से साफ नहीं है। केकेआर के सबसे अहम तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं और उनका पूरे सीजन से बाहर होना तय माना जा रहा है। इसके अलावा मथीशा पथिराना जो इस बार केकेआर का हिस्सा हैं वह भी पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से बाहर हो सके हैं। केकेआर टीम की स्पिन गेंदबाजी के सबसे अहम खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती का फॉर्म भी उनके लिए एक टेंशन जरूर बन रहा है और यदि वह कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो पाते हैं तो ऐसे में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए प्लेऑफ तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाएगा।

Image Source : INDIA TVकोलकाता नाइट राइडर्स

केकेआर के पास आईपीएल 2026 में रहेगा ये मौका

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में आईपीएल 2026 के सीजन में खेलने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स टीम की कमजोरियों और मजबूती की हमने बात कर ली है। अब यदि उनके लिए ट्रॉफी जीतने के चांस को लेकर बात की जाए तो, यदि केकेआर अपने प्लेइंग 11 में स्थिति को अनुसार बेहतर खिलाड़ियों को शामिल करती है और उनके युवा खिलाड़ी उम्मीद के अनुसार खेल दिखाने में कामयाब होते हैं तो ऐसे में केकेआर की तरफ से बेहतर प्रदर्शन देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें

Mumbai Indians SWOT Analysis: हार्दिक पांड्या की कप्तानी में क्या कमाल दिखा पाएगी मुंबई इंडियंस? जानें टीम की ताकत और कमजोरी

SRH SWOT Analysis: क्या IPL 2026 में खत्म होगा हैदराबाद का खिताबी सूखा? ताकत और कमजोरी के बीच बारीक रेखा

Latest Cricket News