1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कुलदीप यादव ने किया बड़ा कमाल, घर पर ये कारनामा करने वाले बने 9वें भारतीय खिलाड़ी

कुलदीप यादव ने किया बड़ा कमाल, घर पर ये कारनामा करने वाले बने 9वें भारतीय खिलाड़ी

IND vs SA: कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले के पहले दिन जब कुलदीप यादव ने टेम्बा बावुमा का विकेट हासिल किया तो एक बड़ा कारनामा करने में कामयाब हो गए।

Kuldeep Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI कुलदीप यादव

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच में कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें अफ्रीकी टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। कोलकाता टेस्ट मैच में पहले सेशन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका की टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए थे। वहीं टीम इंडिया इस मुकाबले में चार स्पिन गेंदबाजों के साथ खेलने उतरी है और इसमें एक नाम कुलदीप यादव का भी शामिल है, जिन्होंने अफ्रीकी कप्तान बावुमा का विकेट हासिल करने के साथ अपने करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।

कुलदीप इस मामले में बने 9वें भारतीय खिलाड़ी

साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट मैच में जब टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती 2 विकेट हासिल कर लिए थे, तो उसके बाद कप्तान गिल ने कुलदीप यादव को गेंदबाजी अटैक पर लगाया। गेंदबाजी पर आते ही कुलदीप ने अपनी बॉलिंग का कमाल दिखाया और साउथ अफ्रीका टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा को बैकवर्ड शॉर्ट लेग पर ध्रुव जुरेल के हाथों सिर्फ तीन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसी के साथ कुलदीप एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने में भी कामयाब हो गए जिसमें वह भारतीय टीम के 9वें ऐसे खिलाड़ी बन गए जो घर पर इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम करने में कामयाब हुए हैं।

कुलदीप इस मामले में बने तीसरे भारतीय गेंदबाज

टीम इंडिया के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने जब कोलकाता टेस्ट मैच में टेम्बा बावुमा का विकेट हासिल किया उसी के साथ वह भारतीय टीम के तीसरे ऐसे बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए जो घर पर 150 या उससे ज्यादा विकेट लेने में कामयाब हुए हैं। कुलदीप से पहले ये कारनामा रवींद्र जडेजा और जहीर खान करने में सफल हुए हैं। रवींद्र जडेजा जहां अब तक 377 विकेट ले चुके हैं तो वहीं जहीर खान ने अपने करियर में कुल 199 विकेट घर पर लिए हैं। टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे संस्करण को ध्यान में रखते हुए 2 मैचों की ये टेस्ट सीरीज काफी अहम है, जिसमें यदि वह दोनों मुकाबले जीतने में कामयाब होते हैं तो प्वाइंट्स टेबल में सीधे दूसरे नंबर पर पहुंच जाएंगे।

ये भी पढ़ें

IND vs SA: भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, कप्तान गिल के फैसले ने सभी को चौंकाया

जसप्रीत बुमराह ने अश्विन को छोड़ा पीछे, अब केवल कपिल देव और अनिल कुंबले ही बचे आगे

Latest Cricket News