1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs UAE: कुलदीप यादव ने अपने करियर में चौथी बार किया ये कारनामा, बाल-बाल टूटते बचा भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड

IND vs UAE: कुलदीप यादव ने अपने करियर में चौथी बार किया ये कारनामा, बाल-बाल टूटते बचा भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड

Asia Cup 2025: भारतीय टीम ने टी20 एशिया कप में अपनी शुरुआत शानदार एकतरफा जीत के साथ की, जिसमें उन्होंने यूएई के खिलाफ मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया। वहीं इस मैच में टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव का कमाल भी देखने को मिला।

Indian Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP भारतीय क्रिकेट टीम

भारतीय टीम ने टी20 एशिया कप में अपने अभियान का आगाज 9 विकेट से एकतरफा जीत के साथ किया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलने पहुंची टीम इंडिया का ग्रुप-ए में मुकाबला यूएई की टीम से था। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करने के साथ यूएई की टीम को सिर्फ 57 रनों के स्कोर पर समेटने के साथ टारगेट को सिर्फ 4.3 ओवर्स में ही चेज कर लिया। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में कुलदीप यादव का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने सिर्फ 2.1 ओवर्स में 7 रन देने के साथ कुल 4 विकेट अपने नाम किए, इसी के साथ कुलदीप अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में चौथी बार चार या उससे अधिक विकेट एक मुकाबले में लेने में कामयाब रहे।

कुलदीप यादव टी20 एशिया कप में किया दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

यूएई की टीम के खिलाफ कुलदीप यादव का 7 रन देकर 4 विकेट लेने का कारनामा टी20 एशिया कप के इतिहास में अभी तक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है, जिसमें वह भुवनेश्वर कुमार के रिकॉर्ड को तोड़ने से काफी करीब से चूक गए। भुवनेश्वर ने साल 2022 में दुबई के मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में 4 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। वहीं कुलदीप यादव जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में चौथी बार किसी मुकाबले में चार या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं तो वहीं इस मामले में अब उनसे आगे सिर्फ भुवनेश्वर कुमार हैं जो 5 बार ये कारनामा करने में कामयाब हुए हैं।

अब कुलदीप सिर्फ राशिद खान से इस मामले में पीछे

टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में लंबे समय के बाद वापसी कर रहे कुलदीप यादव ने मैदान पर उतरने के साथ अपनी गेंदबाजी का कमाल दिखाया जिसमें उन्होंने यूएई के खिलाफ मुकाबले में अपने एक ओवर में चौथी बार तीन या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा टी20 इंटरनेशनल में किया। इस मामले में वर्ल्ड क्रिकेट में कुलदीप से आगे सिर्फ अफगानिस्तान टीम के टी20 कप्तान राशिद खान हैं, जिन्होंने अब तक 6 बार ये कारनामा किया है। बता दें कि टीम इंडिया को अब एशिया कप 2025 में अपना अगला मुकाबला ग्रुप-ए में पाकिस्तान की टीम के खिलाफ 14 सितंबर को दुबई के मैदान पर ही खेलना है।

ये भी पढ़ें

अपने ही घर पर शर्मसार हुई यूएई की टीम, इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में कभी नहीं देखा था ऐसा दिन

संजू सैमसन ने गजब की स्मार्टनेस से किया स्टंप, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने वापस ले ली अपील

Latest Cricket News