1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कुलदीप यादव बनेंगे दूल्हा, 14 मार्च को मसूरी में लेंगे वंशिका संग सात फेरे, जानिए कहां होगा रिसेप्शन

कुलदीप यादव बनेंगे दूल्हा, 14 मार्च को मसूरी में लेंगे वंशिका संग सात फेरे, जानिए कहां होगा रिसेप्शन

भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ स्पिनर कुलदीप यादव जल्द शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 14 मार्च को कुलदीप मंगेतर वंशिका के साथ 7 फेरे लेंगे।

Kuldeep yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI कुलदीप यादव और वंशिका

T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद अब भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। वर्ल्ड कप विजेता स्पिनर कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ सात फेरे लेंगे। शादी की तारीख 14 मार्च 2026 तय की गई है, जो उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में होगी। यह शादी एक प्राइवेट रिसॉर्ट में आयोजित होगी, जिसमें पारिवारिक और करीबी दोस्त शिरकत करेंगे। कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने हाल ही में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को व्यक्तिगत रूप से शादी का निमंत्रण दिया। 

मसूरी में होगी शादी 

शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में होंगी, जो पारंपरिक तरीके से मनाई जाएंगी। कुलदीप के कोच और पारिवारिक मित्र कपिल देव पांडेय ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिवार और दोस्त 12 मार्च को मसूरी पहुंचेंगे और 13 मार्च को पूर्व-विवाह समारोह शुरू होंगे। मुख्य विवाह समारोह 14 मार्च को संपन्न होगा। इसके तीन दिन बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन होगा। इस रिसेप्शन में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां, बॉलीवुड सेलेब्रिटी और उत्तर प्रदेश के प्रमुख राजनेता शामिल होने की संभावना है।

पिछले साल हुई थी सगाई

कुलदीप और वंशिका की लव स्टोरी काफी रोमांटिक और प्रेरणादायक है। दोनों कानपुर के रहने वाले हैं और उनके घरों के बीच महज 3 किलोमीटर की दूरी है। बचपन से ही दोनों अच्छे दोस्त थे, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। वंशिका सिंह कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं। उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा LIC में कार्यरत हैं, जबकि वंशिका फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रही हैं। कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी, जिसमें क्रिकेटर रिंकू सिंह, सपा सांसद प्रिया सरोज समेत कई करीबी शामिल हुए थे। शुरू में शादी नवंबर 2025 में तय थी, लेकिन T20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई। अब वर्ल्ड कप जीतने के बाद कुलदीप नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रहे हैं। 

कुलदीप ने खेला सिर्फ एक मैच

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने खिताब जीता, जिसमें कुलदीप टीम का हिस्सा थे। हालांकि, उन्होंने सिर्फ एक मैच खेला, जो पाकिस्तान के खिलाफ था। उस मैच में उन्होंने 14 रन देकर एक विकेट झटका। कुलदीप ने वर्ल्ड कप जीतने के बाद ट्रॉफी और मेडल के साथ कई स्वैग वाली तस्वीरें शेयर की थीं। 

(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें

टी20 विश्व कप 2026 के बाद कैसी है आईसीसी की रैंकिंग, अब सामने आई टीमों की पूरी तस्वीर

टीम इंडिया अब कब खेलेगी अगला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला, सामने आ गई ये तारीख

Latest Cricket News