1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 93 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ बराबर, मानव सुथार ने रचा इतिहास, खास क्लब में बनाई जगह

93 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ बराबर, मानव सुथार ने रचा इतिहास, खास क्लब में बनाई जगह

मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। वह भारत के लिए अपने पहले घरेलू और पहले विदेशी टेस्ट में पांच विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज हैं।

Manav Suthar - India TV Hindi
Image Source : PTI मानव सुथार

भारतीय क्रिकेट में रिकॉर्ड अक्सर बड़े नामों के साथ जुड़ते हैं, लेकिन मानव सुथार ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत में ही ऐसा कारनामा कर दिया है, जिसकी चर्चा हर जगह हो रही है। श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए सुथार ने 93 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वह भारत के लिए अपने पहले घरेलू और पहले विदेशी टेस्ट दोनों में पांच विकेट लेने वाले पहले स्पिनर और ओवरऑल दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।

24 साल के राजस्थान के इस स्पिनर ने 6 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में टेस्ट डेब्यू किया था। अपने पहले ही टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 6 विकेट झटकते हुए शानदार आगाज किया। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए अपने पहले विदेशी टेस्ट में भी सुथार ने गेंद से कहर बरपाया।

गॉल टेस्ट में चटकाए कुल 10 विकेट

गॉल टेस्ट की पहली पारी में सुथार ने 21.4 ओवर में 76 रन देकर चार विकेट हासिल किए। हालांकि, असली धमाका दूसरी पारी में देखने को मिला। उन्होंने सिर्फ 55 रन देकर श्रीलंका के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इस तरह मैच में उनके नाम कुल 10 विकेट रहे।

सुथार के इस प्रदर्शन ने उन्हें खास क्लब में पहुंचा दिया। दरअसल, श्रीलंका से पहले ऐसा कारनामा पेसर मोहम्मद निसार ने 1932-33 में किया था। निसार ने 25 जून 1932 को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में पहली पारी में 93 रन देकर पांच विकेट लिए थे। इसके बाद भारत में खेले अपने पहले टेस्ट में भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट चटकाए। मुंबई में दिसंबर 1933 में खेले गए उस मुकाबले की पहली पारी में निसार ने 90 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे।

निसार ने पहली बार किया था कारनामा

निसार भारत के पहले गेंदबाज भी थे, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था। उनके बाद करीब 93 साल के लंबे अंतराल में कई भारतीय गेंदबाजों ने अपने पहले घरेलू या विदेशी टेस्ट में पांच विकेट लिए, लेकिन दोनों में यह उपलब्धि हासिल करने वाला कोई नहीं था। गॉल में 6 विकेट लेकर सुथार ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह श्रीलंका की धरती पर टेस्ट की एक पारी में 6 विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन और हरभजन सिंह यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं

यह भी पढ़ें:

BCCI ने दलीप ट्रॉफी फाइनल के वेन्यू में किया बदलाव, बेंगलुरु नहीं अब चेन्नई में होगा खिताबी मुकाबला

पाकिस्तान करेगा श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी, वनडे ट्राई सीरीज के शेड्यूल का भी हुआ ऐलान

Latest Cricket News