1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मानव सुथार ने ध्वस्त किया हरभजन सिंह का रिकॉर्ड, 10 बॉल पर चटकाए 4 विकेट

मानव सुथार ने ध्वस्त किया हरभजन सिंह का रिकॉर्ड, 10 बॉल पर चटकाए 4 विकेट

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Aug 19, 2026 03:03 pm IST,  Updated : Aug 19, 2026 03:03 pm IST

मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 10 विकेट चटका दिए। उन्होंने अभी केवल दो ही टेस्ट खेले हैं और 17 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। उन्होंने हरभजन सिंह का साल 2008 का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

manav suthar- India TV Hindi
मानव सुथार Image Source : AP

मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की। इस मैच को टीम इंडिया ने 165 रन के बड़े अंतर से जीत लिया है। सीरीज में अब भारत की 1-0 की लीड हो गई है। इस बीच सुथार ने हरभजन सिंह के भी एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ साल 2008 में बनाया था। अब वे भारत की ओर से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बन गए हैं। 

मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ अपने नाम किए 10 विकेट

भारत बनाम श्रीलंका पहले टेस्ट की पहली पारी में सुथार ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 21.4 ओवर की गेंदबाजी में 76 रन देकर चार श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद जब दूसरी पारी में उनकी गेंदबाजी आई तो उन्होंने 23.4 ओवर में 55 रन देकर छह प्लेयर्स को आउट किया। यानी इस तरह से देखा जाए तो उन्होंने 131 रन देकर 10 विकेट लेने में कामयाबी हासिल की है। 

हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन ने भी श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में लिए हैं 10 विकेट

अब मानव सुथार श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले साल 2008 में हरभजन सिंह ने श्रीलंका के खिलाफ 153 रन देकर 10 विकेट लिए थे। साल 2017 में रविचंद्रन अश्विन ने 160 रन देकर श्रीलंका के खिलाफ 10 विकेट अपने नाम किए थे। विकेट तो तीनों के बराबर हैं, लेकिन सुथार ने कम रन देकर 10 विकेट लिए हैं। खास बात ये रही कि मानव ने अपनी आखिरी 10 बॉल में चार विकेट झटक लिए। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि मैच तीसरे सेशन तक चला जाएगा, लेकिन इसी बीच मानव की फिरकी ऐसी चली कि जिसका सामना श्रीलंकाई बल्लेबाज नहीं कर पाए। 

दो ही टेस्ट में चटका दिए 17 विकेट

भारत के लिए मानव सुथार ने अब तक केवल दो ही टेस्ट खेले हैं और इस दौरान 17 विकेट ले लिए हैं। इससे पहले उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था, जिसकी पहली ही पारी में छह विकेट लिए थे, इसके बाद दूसरी पारी में उन्हें एक सफलता मिली थी। इतना ही नहीं, वे बीच बीच में जरूरत पड़ने पर बल्ले से भी अपना काम करते रहते हैं। वे दो बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।

भारत बनाम श्रीलंका सीरीज का अगला मुकाबला 23 अगस्त से खेला जाएगा

इस सीरीज का अगला मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि अगला मैच जीतकर श्रीलंका का सूपड़ा साफ किया जाए। इससे उसके विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जाने की संभावनाएं जिंदा रहेंगी। आने वाला हर टेस्ट भारतीय टीम के लिए अहम होने वाला है। 

यह भी पढ़ें 

ICC Test Rankings में भयंकर उठापटक, ट्रेविस हेड की बादशाहत खत्म, अब कौन बना नंबर 1 बल्लेबाज

WTC Points Table में बढ़ा टीम इंडिया का PCT, लेकिन रैंकिंग में क्यों नहीं हुआ इजाफा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल