1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मानव सुथार ने अब काउंटी क्रिकेट में बरपाया कहर, 7 बल्लेबाजों को दिखाया पवेलियन का रास्ता

मानव सुथार ने अब काउंटी क्रिकेट में बरपाया कहर, 7 बल्लेबाजों को दिखाया पवेलियन का रास्ता

भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप में कमाल का प्रदर्शन किया है। वारविकशायर की तरफ से खेलते हुए उन्होंने समरसेट के खिलाफ दूसरी पारी में शानदार गेंदबाजी की और 5 विकेट चटकाए।

Manav Suthar- India TV Hindi
Image Source : PTI मानव सुथार

भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए स्पिनर मानव सुथार ने इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया है। वारविकशायर टीम की तरफ से खेलते हुए सुथार ने समरसेट के खिलाफ एक पारी में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया। इस पूरे मैच में उन्होंने कुल 7 विकेट अपने नाम किए। बता दें कि इसी महीने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले टेस्ट डेब्यू में 7 विकेट लेकर उन्होंने धमाकेदार अंदाज में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।

वारविकशायर के साथ दो मैचों के लिए था मानव सुथार का कॉन्ट्रैक्ट

मानव सुथार ने वारविकशायर के लिए सिर्फ दो मैच खेलने का कॉन्ट्रैक्ट किया था। उन्होंने समरसेट की दूसरी पारी में कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 46.5 ओवरों में 100 रन देकर 5 बल्लेबाजों को आउट किया। इससे पहले, पहली पारी में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 ओवरों में 50 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। यह मानव सुथार का दूसरा काउंटी मैच था। इससे पहले यॉर्कशायर के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 4 विकेट लिए थे। इस तरह उन्होंने अपने इस छोटे से काउंटी दौरे का अंत 2 मैचों में 11 विकेटों के साथ किया।

दूसरी पारी में सुथार ने पांच बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन

दूसरी पारी में मानव सुथार ने सबसे पहले जॉर्डन हरमन (34 रन) को बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में बाउंड्री पर कैच आउट करवाया। इसके बाद उन्होंने टॉम कोहलर-कैडमोर (12 रन) को स्टंप आउट कराया। फिर अपनी एक शानदार घूमती हुई गेंद पर जोश शॉ (22 रन) को ऐसा चकमा दिया कि गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर सीधे स्लिप के फील्डर के हाथों में चली गई। आखिर में नीचले क्रम के बल्लेबाजों को आउट करके उन्होंने काउंटी क्रिकेट में पहली बार एक पारी में अपने 5 विकेट पूरे किए।

मैच का हाल

मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए समरसेट की टीम पहली पारी में 208 रनों पर सिमट गई। वारविकशायर के लिए ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर ने 4 विकेट लिए, जबकि सुथार को 2 विकेट मिले। जवाब में वारविकशायर ने अपनी पहली पारी में 330 रन बनाए। सुथार ने गेंदबाजी के साथ बल्ले से भी योगदान दिया और 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 28 रन की अच्छी पारी खेली। दूसरी पारी में पिच बल्लेबाजी आसान थी, लेकिन सुथार की घातक गेंदबाजी के आगे समरसेट की टीम 435 रनों पर ऑलआउट हो गई। अब वारविकशायर को यह मैच जीतने के लिए 314 रनों का लक्ष्य मिला है।

यह भी पढ़ें:

इंडिया सीरीज के लिए आयरलैंड ने किया स्क्वॉड का ऐलान, 29 साल के खिलाड़ी को मिली कप्तानी

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए किया स्क्वॉड का ऐलान, एक प्लेयर को मिला मेडन कॉल अप

Latest Cricket News