इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। IPL के 18वें सीजन का 22 मार्च से आगाज होने जा रहा है। पहली बार IPL साल 2008 में खेला गया था। तब से कई खिलाड़ी इस लीग में अपनी धाक जमा चुके हैं। इनमें से कुछ खिलाड़ी तो ऐसे भी हैं, जो पहले सीजन के बाद से अब तक IPL खेल रहे हैं। इनमें एक नाम मनीष पांडे का भी है।
मनीष पांडे IPL के पहले सीजन यानी IPL 2008 में मुंबई इडियंस के लिए खेले थे। हालांकि, उन्हें सिर्फ 3 मैच खेलने का मौका ही मिल सका। अगले सीजन वह RCB का हिस्सा बने और 5 मैचों की 4 पारियों में 84 के शानदार औसत और 142 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाने में कामयाब रहे। इस दौरान मनीष पांडे ने एक ऐसा बड़ा कारनामा किया, जो आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है।
19 साल की उम्र में रचा था इतिहास
दरअसल, IPL 2009 के 56वें मैच में जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की डेक्कन चार्जर्स से टक्कर हुई। इस मैच में मनीष पांडे ने RCB की ओर से खेलते हुए कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 73 गेंदों पर नाबाद 114 रनों पारी खेल डाली। इस तरह उन्होंने एक ही झटके में कई बड़े कीर्तिमान रच दिए। मनीष पांडे IPL में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने 19 साल 253 दिन की उम्र में ये कमाल किया और IPL इतिहास में सैकड़ा जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। IPL के 17 सीजन बीत जाने के बाद भी उनका ये रिकॉर्ड आज तक कायम है।
IPL 2025 में KKR के लिए खेलेंगे
मनीष IPL में अब तक 7 टीमों की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने IPL के 171 मैचों की 159 पारियों में 29.16 के औसत और 121.10 के स्ट्राइक रेट से 3850 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं। IPL में उनके बल्ले से 110 छक्के और 335 चौके आ चुके हैं। पिछले सीजन वह कोलकाता नाइट राइडर्स यानी KKR की टीम का हिस्सा थे। तब उन्हें सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला था, जिसमें उनके बल्ले से 41 रन निकले थे। इस बार भी वह कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें:
न्यूजीलैंड ने किया टीम का ऐलान, दिग्गज खिलाड़ियों की हुई वापसी, 21 मार्च से होगा सीरीज का आगाज
कोई नहीं बनाना चाहेगा आईपीएल में ये कीर्तिमान, रोहित शर्मा सबसे करीब
Latest Cricket News