ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पर्थ स्टेडियम में एशेज 2025-26 का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन उनकी पहली पारी 172 रनों के स्कोर पर सिमट गई। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान ऑस्ट्रेलिया टीम की शुरुआत भी बेहद खराब देखने को मिली। वहीं पहले दिन के आखिरी सेशन के खेल के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के बल्लेबाज मार्नश लाबुशेन और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स के बीच कहासुनी भी देखने को मिली, जिसमें दोनों को अलग करने के लिए अंपायर को बीच बचाव करने के लिए आगे आना पड़ा।
लाबुशेन को नॉट आउट दिए जाने से नाराज थे कार्स
पर्थ टेस्ट के पहले दिन के खेल में ऑस्ट्रेलियाई टीम की पहली पारी के दौरान 12वें ओवर में जो ब्रायडन कार्स फेंक रहे थे तो उसकी पांचवीं गेंद पर कैच को लेकर अपील की गई लेकिन उसे फील्ड अंपायर नितिन मेनन ने नकार दिया। इसके बाद इंग्लैंड टीम ने डीआरएस लेने का फैसला किया जिसमें तीसरे अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद फील्ड अंपायर के फैसले को ही बरकरार रखा। वहीं इस फैसले को लेकर इंग्लैंड टीम काफी नाराज नजर आई। जिसके बाद ओवर की आखिरी गेंद जो कार्स ने थोड़ा ऊपर की तरफ फेंकी थी, उसे लाबुशेन ने छोड़ दिया जो सीधे विकेटकीपर के पास गई। इसके बाद कार्स ने तुरंत लाबुशेन के तरफ देखते हुए गुस्से में कुछ कहा जिसका जवाब देने के लिए लाबुशेन भी काफी तेज के साथ हाथ में बल्ला लेकर आगे बढ़े। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी भी देखने को मिली। अंपायर नितिन मेनन ने बीच बचाव करते हुए दोनों प्लेयर्स को अलग किया ताकि मामला शांत हो सके।
आर्चर का शिकार बने लाबुशेन
मार्नश लाबुशेन इसके बाद अपना विकेट अधिक देर तक नहीं बचा सके और जोफ्रा आर्चर की गेंद पर 9 के निजी स्कोर पर बोल्ड हो गए। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपना दूसरा विकेट 28 के स्कोर पर गंवा दिया। इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ भी 17 रन बनाकर आउट हो गए जबकि मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने उतरे उस्मान ख्वाजा भी सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने अपने 4 विकेट सिर्फ 31 के स्कोर तक गंवा दिए थे। वहीं इससे पहले दिन के खेल में मिचेल स्टार्क की गेंदबाजी का कमाल देखने को मिला जिन्होंने 7 विकेट हासिल करते हुए इंग्लैंड की पहली पारी को जल्द समेटने में अहम भूमिका अदा की थी।
ये भी पढ़ें
मिचेल स्टार्क ने कर दिया बड़ा कारनामा, टेस्ट इतिहास में पहली बार किया ये करिश्मा
AUS vs ENG: पहले एशेज टेस्ट में ही बना बड़ा रिकॉर्ड, शून्य वाला ये कमाल तो कभी नहीं हुआ था
Latest Cricket News