ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में वापसी को मैट रेनशॉ ने यादगार बना दिया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन टेस्ट में बल्ले से रनों का अंबार लगाने के बाद उन्होंने गेंद से भी कमाल किया। पहली पारी में 190 रन और दूसरी पारी में 84 रन बनाने वाले रेनशॉ ने मैच में दो अहम विकेट भी झटके। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने साउथ अफ्रीका की धरती पर एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो इससे पहले महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस के नाम था।
रेनशॉ के दमदार प्रदर्शन की बदौलत पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 214 रन से हराया। करीब तीन साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले रेनशॉ के लिए यह मुकाबला खास रहा। ऑस्ट्रेलिया की 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन टीम के लिए वापसी के बाद यह उनका सिर्फ दूसरा मैच था।
पहली पारी में मुश्किल हालात से निकाली टीम
रेनशॉ ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 190 रन की शानदार पारी खेली। एक समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 6 विकेट पर 124 रन था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे समय में रेनशॉ ने मोर्चा संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 390 रन बनाए।
इसके बाद दूसरी पारी में भी रेनशॉ का बल्ला चलता रहा। उन्होंने 84 रन बनाकर टीम की बढ़त को मजबूत किया। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने अपना योगदान दिया और दूसरी पारी में टेम्बा बावुमा तथा काइल वेरेन के अहम विकेट लेकर साउथ अफ्रीका की मुश्किलें बढ़ा दीं।
कैलिस का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
इस प्रदर्शन के साथ रेनशॉ साउथ अफ्रीका की धरती पर एक टेस्ट मैच में 250 से ज्यादा रन बनाने और कम से कम दो विकेट लेने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। इस रिकॉर्ड से पहले साउथ अफ्रीका के दिग्गज जैक्स कैलिस का नाम जुड़ा था, जिन्हें क्रिकेट इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में गिना जाता है।
टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में रेनशॉ ऐसा करने वाले दुनिया के 11वें खिलाड़ी बने हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले रचिन रवींद्र और वीरेंद्र सहवाग भी यह कारनामा कर चुके हैं। रेनशॉ ने इस टेस्ट में कुल 272 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की धरती पर पांचवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए किसी खिलाड़ी का यह दूसरा सबसे बड़ा रन टोटल है। इस सूची में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स उनसे आगे हैं, जिन्होंने 268 और 26 रन की पारियों के साथ कुल 284 रन बनाए थे।
रेनशॉ ने एक और खास सूची में बनाई जगह
साउथ अफ्रीका में किसी टेस्ट मैच के दौरान पांचवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए एक शतक और एक अर्धशतक लगाने वाले रेनशॉ तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे पहले साउथ अफ्रीका के डेनिस लिंडसे ने 1966 में जोहान्सबर्ग में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और श्रीलंका के कुसल परेरा ने 2019 में डरबन में यह उपलब्धि हासिल की थी।
यह भी पढ़ें:
लिटन दास ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक ही टेस्ट में बनाए 150+ रन और विकेट के पीछे किए 9 शिकार
साहिबजादा फरहान ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, लेकिन पाक टीम को तीसरे टी20 में मिली बड़ी हार
Latest Cricket News