1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज का ऐतिहासिक कारनामा, तोड़ा विराट कोहली का अनोखा रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज का ऐतिहासिक कारनामा, तोड़ा विराट कोहली का अनोखा रिकॉर्ड

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 11, 2026 02:22 pm IST,  Updated : Oct 11, 2026 02:43 pm IST

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ किंग्समीड टेस्ट में 397 गेंदों पर 190 रन की शानदार पारी खेलकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Matt Renshaw- India TV Hindi
मैट रेनशॉ Image Source : AFP

टेस्ट क्रिकेट में अक्सर लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों के साथ लंबी साझेदारी करना मुश्किल होता है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के मैट रेनशॉ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी धैर्यपूर्ण पारी से इस चुनौती को भी पीछे छोड़ दिया। रेनशॉ ने किंग्समीड में जारी टेस्ट मैच में विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक पारी में टेलएंडर्स यानी पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ बैटिंग करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया।

रेनशॉ ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 397 गेंदों पर 190 रन बनाए। उनकी इस पारी में 21 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इस दौरान उन्होंने 8वें से 11वें नंबर तक के बल्लेबाजों के साथ मिलकर 174 रन बनाए। इसके साथ ही वह टेस्ट की एक पारी में टेलएंडर्स के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय दिग्गज विराट कोहली के नाम था। कोहली ने 2016 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 235 रन की पारी खेलते हुए टेलएंडर्स के साथ 171 रन जोड़े थे। रेनशॉ ने अब इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है।

दोहरे शतक से चूके मैट

ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 124 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में क्रीज पर आए रेनशॉ ने एक छोर संभाले रखा और लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वह अपने पहले टेस्ट दोहरे शतक से महज 10 रन दूर रह गए। साइमन हार्मर ने उन्हें आउट कर उनकी शानदार पारी का अंत किया।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने 43 रन बनाकर रेनशॉ का अच्छा साथ दिया, जबकि नाथन लियोन ने 27 रन का योगदान दिया। इन पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 390 रन पर समाप्त हुई। साउथ अफ्रीका की ओर से वियान मुल्डर ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। मार्को यानसन को तीन और एनरिक नॉर्खिया को दो विकेट मिले।

साउथ अफ्रीका अभी ऑस्ट्रेलिया से 363 रन पीछे

ऑस्ट्रेलिया के 390 रन के जवाब में साउथ अफ्रीका ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 27 रन बना लिए थे। एडेन मारक्रम 15 और डेविड बेडिंघम 12 रन बनाकर नाबाद थे। मेजबान टीम अभी ऑस्ट्रेलिया से 363 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने रयान रिकेल्टन को बिना खाता खोले आउट किया। इसके बाद खराब रोशनी के कारण दिन का खेल समय से पहले समाप्त करना पड़ा। फिलहाल मुकाबले में  साउथ अफ्रीका पर पहली पारी के आधार पर बड़ा अंतर बना हुआ है।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

रणजी ट्रॉफी के पहले मैच से बाहर हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल, दूसरे मुकाबले में खेलने की उम्मीद

क्रिस गेल के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी से एक कदम दूर शेरफेन रदरफोर्ड, इंदौर में हो सकता है बड़ा कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।