1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चेन्नई को PM मोदी का तोहफा, मेट्रो में किया सफर, CM विजय बने 'हमसफर'

चेन्नई को PM मोदी का तोहफा, मेट्रो में किया सफर, CM विजय बने 'हमसफर'

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 11, 2026 01:49 pm IST,  Updated : Oct 11, 2026 01:53 pm IST

पीएम मोदी चेन्नई के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने चेन्नई मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने सीएम विजय के साथ मेट्रो में सफर भी किया।

पीएम मोदी ने सीएम विजय के साथ मेट्रो में किया सफर।- India TV Hindi
पीएम मोदी ने सीएम विजय के साथ मेट्रो में किया सफर। Image Source : PTI

चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के दौरे पर हैं। चेन्नई में प्रधानमंत्री ने मेट्रो की नई लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही वह राज्य को 13 हजार करोड़ से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। नवरात्रि के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी जलाकंडेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा पाठ करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई मेट्रो के द्वितीय चरण के तहत पूनमल्ली से वडापलानी के बीच 14.6 किलोमीटर लंबे मार्ग का उद्घाटन किया।

पीएम मोदी और सीएम विजय ने किया सफर

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के पूनामल्ली-वडापलानी रूट का उद्घाटन किया। लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बने इस रूट पर उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ सफर भी किया। PM मोदी और CM विजय ने गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की मौजूदगी में नई सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर किया। इस दौरान PM मोदी ने टिकट खरीदा और टिकट काउंटर पर कर्मचारी से थोड़ी बातचीत भी की।

क्या है नए मेट्रो रूट की खासियत?

बता दें कि नई सेवाएं मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के कॉरिडोर चार के तहत आती हैं। हाल ही में शुरू हुए इस रूट पर कुल 11 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन हैं, जो लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। इस नए कॉरिडोर में 3.7 किलोमीटर का एक अनोखा डबल-डेकर स्ट्रक्चर है। इसमें ड्राइवरलेस ऑपरेशन (बिना ड्राइवर के ट्रेन चलाने) को सपोर्ट करने के लिए एडवांस्ड सिग्नलिंग सिस्टम भी लगाए गए हैं। उम्मीद है कि इससे यात्रियों का रोजाना का सफर का समय कम होगा और चेन्नई के तेजी से बढ़ते पश्चिमी उपनगरों और शहर के केंद्र के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

नए रूट पर कौन-कौन से स्टेशन हैं?

चेन्नई मेट्रो रेल के अनुसार, इस रूट पर यात्रियों के लिए नियमित सेवाएं रविवार शाम 4 बजे से शुरू होंगी और रात 9 बजे तक दोनों दिशाओं में ऑपरेशन चलेगा। 12 अक्टूबर से, इस रूट पर नियमित सेवाएं सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दोनों दिशाओं में उपलब्ध रहेंगी। आखिरी ट्रेन सेवा रात 9 बजे दोनों टर्मिनलों (पूनामल्ली बाईपास मेट्रो और कॉरिडोर 4 वडापलानी मेट्रो) से रवाना होगी। नई मेट्रो येलो लाइन के तहत आने वाले स्टेशन पूनामल्ली बाईपास, पूनामल्ली बस स्टैंड, पूनामल्ली सरकारी अस्पताल, करायनचावडी, कुमाननचावडी, कट्टुपक्कम, अय्यप्पनथांगल, थेल्लियारगरम, पोरुर बाईपास, पोरुर जंक्शन और वडापलानी हैं।

पीएम मोदी का कार्यक्रम

चेन्नई में पीएम मोदी आईआईटी मद्रास स्थित ब्रेन सेंटर का दौरा करेंगे। करीब ₹3,700 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इससे लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही चेन्नई समेत तीन बड़े बंदरगाहों पर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, जिससे सामान की ढुलाई आसान होगी। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे का मुख्य फोकस परिवहन, औद्योगिक विकास, बंदरगाहों की क्षमता और वैज्ञानिक अनुसंधान पर है।

यह भी पढ़ें-

कोलकाता में धूमधाम से हुआ मां दुर्गा का स्वागत, ईडन गार्डन में भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी; देखें तस्वीरें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।