आज यानी बुधवार को आईपीएल में एक और बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। अभी तक इस सीजन चार मैच हो गए हैं। आज पांचवां मुकाबला है। आज के मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने सामने होने जा रही हैं। मैच लखनऊ में खेला जाएगा। इस बीच सवाल ये उठ रहा है कि क्या आज के मैच में एक्सप्रेस तेज गेंदबाज मयंक यादव खेलते हुए नजर आएंगे। इसका जवाब टीम के ही हेड कोच ने दे दिया है।
साल 2024 में किया था मयंक यादव ने अपना आईपीएल डेब्यू
मयंक यादव ने आईपीएल में साल 2024 में डेब्यू किया था। वे उस साल एलएसजी के लिए खेल रहे थे। हालांकि वे उस सीजन केवल चार ही मैच खेल पाए। इसमें उन्होंने 7 विकेट अपने नाम किए। मजे की बात ये है कि इन चार में से दो मैचों में मयंक यादव के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किए गए। इसके बाद वे चोटिल होकर बाहर हो गए थे। बीच में उन्होंने टीम इंडिया के लिए भी डेब्यू कर लिया था। इसके बाद जब साल 2025 का आईपीएल आया तो वहां भी वे केवल दो ही मैच खेल पाए और बाहर हो गए। इस बार इन दो मैचों में उनके हिस्से में दो ही विकेट आए।
अब तक छह मैच खेल पाए हैं मयंक यादव
इस तरह से देखें तो मयंक यादव ने आईपीएल के दो सीजन में कुल 6 मैच खेलकर 9 विकेट अपने नाम किए हैं। हालांकि वे एक भी सीजन पूरा नहीं खेल पाए। इसके बाद भी एलएसजी ने उन्हें अपने साथ रिटेन किया है। अब वे इस साल भी उसी टीम के लिए खेलेंगे। इस बीच पिछले दिनों जब लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लेंगर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मयंक यादव पूरी तरह से फिट हैं और वे पहला मैच खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
एलएसजी बनाम डीसी हेड टू हेड
आज का मुकाबला भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ पर खेला जाएगा। जहां तक लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात की जाए तो इनके बीच अब तक सात मैच हुए हैं। इसमें चार मैच दिल्ली ने जीते हैं और तीन में लखनऊ ने बाजी मारी है। अगर इकाना स्टेडियम के आंकड़े देखे जाएं तो पता चलता है कि यहां तीन में से दो मैच दिल्ली की टीम ने जीते हैं। अब आज का मैच कौन जीतेगा, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।
लखनऊ सुपर जायंट्स स्क्वॉड: एडन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेट कीपर/कप्तान), अब्दुल समद, आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, आवेश खान, एनरिक नोर्खिया, प्रिंस यादव, मोहसिन खान, अक्षत रघुवंशी, मोहम्मद शमी, मैथ्यू ब्रीट्जके, जोश इंग्लिस, हिम्मत सिंह, मुकुल चौधरी, अर्शिन कुलकर्णी, नमन तिवारी, अर्जुन तेंदुलकर, मणिमारन सिद्धार्थ, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स स्क्वॉड: केएल राहुल (विकेट कीपर), पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, डेविड मिलर, विप्रज निगम, दुष्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन, टी नटराजन, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव, नीतीश राणा, करुण नायर, पथुम निसंका, साहिल पारख, समीर रिजवी, माधव तिवारी, औकिब नबी डार, त्रिपुराना विजय, अजय जादव मंडल।
यह भी पढ़ें
PBKS vs GT: कौन है गुजरात टाइटंस की हार का विलेन, किसने डुबोई टीम की नैया
मिल गया आईपीएल में जीत का मंत्र, एक ही पैटर्न पर जीती लगातार चार टीमें
Latest Cricket News