ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी तेज गेंदबाज मेगन शट को दो मैचों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। ये मामला प्रिस्क्रिप्शन दवा से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने से जुड़ा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी कर ये जानकारी दी। बोर्ड ने साफ किया है कि यह घटना प्रतियोगिता से बाहर के समय हुई थी और इसका प्रदर्शन बेहतर करने वाली दवाओं से कोई संबंध नहीं था। इस प्रतिबंध के कारण शट न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20 इंटरनेशनल और महिला बिग बैश लीग यानी WBBL 2026 के शुरुआती मुकाबले में नहीं खेल पाएंगी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, शट ने स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसन से जुड़े दिशानिर्देशों के तहत प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के इस्तेमाल के लिए तय आवश्यकताओं का पालन नहीं किया। यह नियमों के उल्लंघन की एक घटना थी। बोर्ड ने कहा कि वह खिलाड़ी को जरूरी सहयोग देता रहेगा और नेशनल टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को तय मानकों और जिम्मेदारियों का पालन करने के महत्व से अवगत कराता रहेगा।
मिस करेंगी 2 अहम मैच
दो मैचों का प्रतिबंध इंटरनेशनल और घरेलू, दोनों तरह के क्रिकेट पर लागू होगा। इसके चलते 33 साल की मेगन शट 22 अक्टूबर को सिडनी के नॉर्थ सिडनी ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे और आखिरी T20I मुकाबले में नहीं खेल सकेंगी। इसके अलावा, वह 31 अक्टूबर को एडिलेड स्ट्राइकर्स और मेलबर्न स्टार्स के बीच होने वाले WBBL 2026 के शुरुआती मैच से भी बाहर रहेंगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन मैचों की T20I सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। ऐसे में टीम की नजर आखिरी मुकाबला जीतकर न्यूजीलैंड का क्लीन स्वीप करने पर होगी।
मेगन शट ने मांगी माफी
मेगन शट ने प्रतिबंध को स्वीकार करते हुए अपनी गलती के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वह अपने ऊपर लगाए गए प्रतिबंध को पूरी तरह स्वीकार करती हैं और उन मानकों पर खरा नहीं उतरने के लिए माफी मांगती हैं, जिनकी उनसे अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले के कारण जो ध्यान आकर्षित हुआ, उसके लिए उन्हें खेद है और उन्हें मिले समर्थन की वह सराहना करती हूं। हालांकि यह घटना प्रतियोगिता से बाहर हुई थी और इसका प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था, लेकिन वह समझती हैं कि स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसन से जुड़े दिशानिर्देशों का पालन करना उनकी जिम्मेदारी है। खिलाड़ियों को इन नियमों के बारे में नियमित रूप से जानकारी दी जाती है और उन्हें इनका पालन करना चाहिए था।
बांग्लादेश के खिलाफ शानदार फॉर्म में थीं शट
प्रतिबंध से पहले मेगन शट शानदार लय में थीं। उन्होंने ICC महिला चैंपियनशिप के तहत बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन मैचों की ODI सीरीज में कुल 10 विकेट लिए थे। हालांकि, वह न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा T20 सीरीज में अब तक नहीं खेली थीं।क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्पष्ट किया है कि मामला प्रतिबंधित प्रदर्शन-वर्धक दवाओं के इस्तेमाल से जुड़ा नहीं है, बल्कि प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के संबंध में निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने से संबंधित है।
यह भी पढ़ें:
T20 इंटरनेशनल में कैसी है भारत और न्यूजीलैंड की रैंकिंग, कितना है दोनों टीमों के बीच अंतर
टीवी और मोबाइल पर लाइव कैसे देखें भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टी20 मैच, जियो हॉट स्टार पर नहीं आएगा मुकाबला
Latest Cricket News