1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मिचेल स्टार्क रचेंगे इतिहास, 5 विकेट लेते ही शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा के खास क्लब में होगी एंट्री

मिचेल स्टार्क रचेंगे इतिहास, 5 विकेट लेते ही शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा के खास क्लब में होगी एंट्री

मिचेल स्टार्क के पास बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। ऑस्ट्रेलिया में 395 इंटरनेशनल विकेट ले चुके स्टार्क अगर पांच और विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह घरेलू जमीन पर 400 विकेट पूरे करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन जाएंगे।

Mitchell Starc- India TV Hindi
Image Source : AP मिचेल स्टार्क

ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के पास बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने का मौका है। स्टार्क अगर दो टेस्ट मैचों में पांच विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह घरेलू जमीन पर 400 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ तीसरे गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले यह कारनामा दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न और महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ही कर सके हैं। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 13 अगस्त से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन के मारारा क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करने वाले स्टार्क की नजरें इस मुकाबले में एक और बड़ी उपलब्धि पर होंगी।

वॉर्न और मैक्ग्रा के क्लब में होगी तीसरे गेंदबाज की एंट्री

स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया में अब तक खेले 138 इंटरनेशनल मैचों की 195 पारियों में 395 विकेट चटकाए हैं। ऐसे में पांच विकेट लेते ही उनके घरेलू मैदान पर 400 इंटरनेशनल विकेट पूरे हो जाएंगे। 2025-26 एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे स्टार्क इस समय शानदार फॉर्म में हैं। घरेलू जमीन पर ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने का रिकॉर्ड शेन वॉर्न के नाम है। वॉर्न ने 1992 से 2007 के बीच ऑस्ट्रेलिया में 153 इंटरनेशनल मैच खेले और 212 पारियों में 453 विकेट हासिल किए। वहीं, ग्लेन मैक्ग्रा ने 1994 से 2007 के बीच अपने 14 साल के इंटरनेशनल करियर में घरेलू मैदान पर 161 मैचों की 226 पारियों में 449 विकेट झटके।

ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट

  • शेन वॉर्न - 453 विकेट
  • ग्लेन मैक्ग्रा - 449 विकेट
  • मिचेल स्टार्क - 395 विकेट
  • ब्रेट ली - 360 विकेट

कपिल देव हो जाएंगे पीछे

घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है। मुथैया मुरलीधरन ने 647 विकेट हासिल किए। इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन 579 विकेट के साथ दूसरे और स्टुअर्ट ब्रॉड 509 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

स्टार्क के पास सिर्फ घरेलू मैदान पर 400 विकेट पूरे करने का ही मौका नहीं है। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में वह टेस्ट क्रिकेट के एक और बड़े रिकॉर्ड की ओर भी बढ़ रहे हैं। स्टार्क ने 105 टेस्ट मैचों में 433 विकेट लिए हैं और वह कपिल देव के साथ-साथ डेल स्टेन को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की टॉप-10 सूची में जगह बनाने के करीब हैं। डेल स्टेन के नाम 439 टेस्ट विकेट हैं। स्टार्क को स्टेन से आगे निकलने के लिए सात विकेट की जरूरत है। वहीं, कपिल देव ने अपने टेस्ट करियर में 434 विकेट हासिल किए थे। कपिल देव को पीछे करने के लिए स्टार्क को सिर्फ 2 विकेट की दरकार है।

ऋषभ पंत ने फिर से दोहराई वही पुरानी गलती, प्रैक्टिस मैच में सिर्फ 2 रन बनाकर हुए आउट; देखें VIDEO

गुरनूर बरार ने वॉर्मअप मैच में बल्ले से लूटी महफिल, 5 गेंदों में जड़ दिए चार छक्के; देखें VIDEO

Latest Cricket News