कपिल देव की गिनती दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों में होती है। कपिल देव की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने साल 1983 में पहली बार वर्ल्ड कप जीता था। कपिल देव का क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा। उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल किया। यही कारण है कि उनके नाम टेस्ट में 5 हजार से ज्यादा रन और 400 से ज्यादा विकेट दर्ज हैं। हालांकि, कपिल देव पर अब पीछे होने का खतरा मंडरा रहा है।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ गेंदबाज मिचेल स्टार्क 2 विकेट लेते ही कपिल को पीछे छोड़ देंगे। इस तरह पूर्व भारतीय कप्तान टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में 12वें स्थान पर खिसक जाएंगे। स्टार्क के नाम फिलहाल 105 टेस्ट मैचों की 202 पारियों में 433 विकेट हैं। उन्होंने 18 बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया है।
कपिल देव होंगे पीछे
बता दें, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में कपिल देव 11वें स्थान पर हैं। कपिल देव ने 131 टेस्ट मैचों की 227 पारियों में 29.64 के शानदार औसत से 434 विकेट चटकाने का कारनामा किया था। आपको जानकर हैरानी होगी कि कपिल देव के नाम कई सालों तक टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड रहा। उन्होंने साल 1994 में न्यूजीलैंड के महान रिचर्ड हेडली को पछाड़ते हुए यह कारनामा किया था। इसके लगभग 6 सालों तक कपिल देव के नाम सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम रहा। फिर आया साल 2000, जिसमें वेस्टइंडीज के कर्टनी वॉल्श ने कपिल देव का कीर्तिमान ध्वस्त किया। अब तक 10 गेंदबाज कपिल देव से आगे निकल चुके हैं। अब एक और गेंदबाज उनसे आगे निकलने की प्लानिंग में हैं।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज
- मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) - 800
- शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया) - 708
- जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) - 704
- अनिल कुंबले (भारत) - 619
- स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) - 604
- नाथन लियोन (ऑस्ट्रेलिया) - 567
- ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया) - 563
- रवि अश्विन (भारत) - 537
- कोर्टनी वॉल्श (वेस्टइंडीज) - 519
- डेल स्टेन (साउथ अफ्रीका) - 439
- कपिल देव (भारत) - 434
- मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) - 433
13 अगस्त से टेस्ट सीरीज का आगाज
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच 13 अगस्त से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पहला टेस्ट मैच 13 से 17 अगस्त डॉर्विन में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच मकाय में 22 से 26 अगस्त के बीच खेला जाएगा। इस सीरीज में स्टार्क के पास न केवल सिर्फ कपिल देव को पछाड़ने का शानदार मौका नहीं होगा, बल्कि साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पछाड़ते हुए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-10 गेंदबाजों में शामिल होने का भी शानदार मौका होगा। 7 विकेट लेते ही स्टार्क दिग्गज स्टेन से आगे निकल जाएंगे। इसके साथ ही वह टेस्ट में टॉप-5 तेज गेंदबाजों में शुमार हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें:
बाबर आजम फिर रहे अनलकी, दूसरे टेस्ट में शतक के करीब आकर हुए रन आउट