1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों पर गिर सकती है गाज, बिना मंजूरी विदेशी लीग खेलने पर लग सकता है 2 साल का बैन

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों पर गिर सकती है गाज, बिना मंजूरी विदेशी लीग खेलने पर लग सकता है 2 साल का बैन

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 05, 2026 08:26 am IST,  Updated : Aug 05, 2026 08:26 am IST

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स के लिए अच्छी खबर नहीं है। शोएब मलिक और कामरान जैसे कई एक्स क्रिकेटर्स को विदेशी लीग में खेलना भारी पड़ता नजर आ रहा है।

Pakistan Cricket- India TV Hindi
पाकिस्तान पैंथर्स Image Source : FACEBOOK.COM/ASIANLEGENDSLEAGUE

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने अपने पूर्व खिलाड़ियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाने के संकेत दिए हैं। जाम्बिया में आयोजित एशियन लीजेंड्स लीग में बिना जरूरी मंजूरी हिस्सा लेने वाले कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों पर दो साल तक प्रतिबंध लग सकता है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि ICC और PCB की अनुमति के बिना किसी विदेशी क्रिकेट इवेंट में हिस्सा लेना नियमों का उल्लंघन है और इस मामले को गंभीरता से लिया गया है।

दरअसल, जाम्बिया में खेली जा रही एशियन लीजेंड्स लीग 2026 को वहां की आधिकारिक क्रिकेट संस्था जाम्बिया क्रिकेट यूनियन ने मान्यता नहीं दी है। ZCU ने हाल ही में बयान जारी कर कहा था कि यह टूर्नामेंट उसके द्वारा न तो स्वीकृत है और न ही समर्थित। इसके बाद PCB ने भी सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी जारी कर दी।

PCB ने दी सख्त चेतावनी

PCB के अनुसार, जिन खिलाड़ियों ने बिना आवश्यक एनओसी के इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है, उन्हें अगले 2 सालों तक किसी भी स्वीकृत विदेशी क्रिकेट लीग के लिए NOC नहीं दिया जाएगा। इतना ही नहीं, ऐसे खिलाड़ी दो साल तक PCB, पाकिस्तान सुपर लीग या बोर्ड से जुड़े किसी भी कोचिंग, मेंटरिंग, कंसल्टेंसी या अन्य क्रिकेट संबंधी पद के लिए भी अयोग्य रहेंगे।

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह उल्लंघन पहले ही माना जा चुका है क्योंकि टूर्नामेंट 30 जुलाई से शुरू हो चुका है। प्रतियोगिता में कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें पाकिस्तान पैंथर्स पूरी तरह पाकिस्तानी खिलाड़ियों से बनी टीम है और वह अब तक दो मुकाबले खेल चुकी है।रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद हफीज, सोहेल तनवीर और उमर अकमल भी इस लीग में खेलने के लिए जाम्बिया की राजधानी लुसाका पहुंचे थे। हालांकि, जब उन्हें पता चला कि टूर्नामेंट को ICC की आवश्यक मंजूरी नहीं मिली है, तो उन्होंने खेलने से पीछे हटने का फैसला किया। दूसरी ओर, कई अन्य पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में मैदान पर उतर चुके हैं।

टूर्नामेंट में खेल रही 6 टीमें

इस लीग में पाकिस्तान पैंथर्स के अलावा इंडियन रॉयल्स, श्रीलंकन लायंस, बांग्लादेश टाइगर्स, अफगानिस्तान पठान्स और एशियन स्टार्स जैसी टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों में 9 देशों के पूर्व क्रिकेटर शामिल हैं, लेकिन अब तक खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी केवल PCB ने ही दी है। PCB ने अपने बयान में दोहराया कि वह ICC के नियमों और क्रिकेट की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बोर्ड ने वर्तमान और पूर्व सभी खिलाड़ियों को याद दिलाया कि किसी भी विदेशी क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने से पहले PCB से जरूरी मंजूरी और NOC लेना अनिवार्य है।

एशियन लीजेंड्स लीग की आधिकारिक वेबसाइट पर पाकिस्तान पैंथर्स की टीम में शरजील खान, कामरान अकमल, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, उमर अकमल, इमरान नजीर, सईद अजमल, सोहेल तनवीर, यासिर शाह, नावेद-उल-हसन, मोहम्मद इरफान, जुल्फिकार बाबर, राहत अली, हसन रजा, यासिर भट्ट और राणा नईम अनवर जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इनमें से कई खिलाड़ी टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में खेलते भी नजर आए हैं। हाल ही में पाकिस्तान पैंथर्स को इंडियन रॉयल्स के खिलाफ 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें:

अब्दुल्ला शफीक ने खत्म किया 49 साल का सूखा, पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज पर कसा शिकंजा

साउथ अफ्रीका खेलेगी ट्राई सीरीज, नामीबिया की धरती पर होगा आयोजन, जिम्बाब्वे होगी तीसरी टीम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल