1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. धनतेरस से पहले 4800 रुपये महंगा हुआ सोना, चांदी की कीमतों में भी 9000 रुपये की बंपर तेजी- चेक करें आज के ताजा भाव

धनतेरस से पहले 4800 रुपये महंगा हुआ सोना, चांदी की कीमतों में भी 9000 रुपये की बंपर तेजी- चेक करें आज के ताजा भाव

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 04, 2026 07:49 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 07:49 pm IST

आज चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी रही। बुधवार को चांदी का भाव 9000 की बंपर तेजी के साथ 1.93 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

gold price, gold rate, silver price, silver rate, bullion market- India TV Hindi
सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी Image Source : PTI

धनतेरस से ठीक पहले दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। त्योहारी मांग बढ़ने और वैश्विक बाजारों में कीमती धातुओं के भाव में तेज सुधार के बीच सोना 4800 रुपये बढ़कर 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 4800 रुपये की लंबी छलांग के साथ 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। मंगलवार को सोने का भाव 1,41,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

चांदी के भाव में 9000 रुपये की जोरदार तेजी

सोने के अलावा, आज चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी रही। बुधवार को चांदी का भाव 9000 की बंपर तेजी के साथ 1.93 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। जबकि, मंगलवार को इसका भाव 1.84 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत सुधार और घरेलू बाजार में त्योहारी मांग बढ़ने से बुधवार को सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आई।

अक्टूबर में 8 प्रतिशत गिरा सोने का भाव 

ब्रिकवर्क रेटिंग्स के रिसर्च हेड प्रमुख राजीव शरण के अनुसार, अक्टूबर में अपने उच्चतम स्तर से सोने की कीमतों में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट आई थी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बॉन्ड पर यील्ड बढ़ने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ने के कारण हाल में सोने की कीमतों में गिरावट आई थी। इससे कारोबारियों ने मुनाफावसूली की। 

पिछले साल धनतेरस पर 65 प्रतिशत महंगा हो गया था सोना

राजीव शरण ने कहा कि पिछले धनतेरस के मुकाबले इस बार सोने की कीमतों में अपेक्षाकृत कम तेजी आई है। पिछले त्योहारी सत्र के बाद से सोना 5 से 7 प्रतिशत ही महंगा हुआ है, जबकि पिछले धनतेरस पर इसकी कीमतों में सालाना आधार पर करीब 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी। 

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी जोरदार तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में जोरदार तेजी रही। हाजिर सोना 113.72 डॉलर यानी 3 प्रतिशत चढ़कर 4043.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया और फिर से 4000 डॉलर के स्तर के पार चला गया। चांदी भी 4.5 प्रतिशत बढ़कर 52.03 डॉलर प्रति औंस हो गई। मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने कहा कि अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद डॉलर कमजोर हुआ, जिससे कीमती धातुओं को समर्थन मिला। 

ये भी पढ़ें

गाड़ियों में CNG किट लगवाने वालों की संख्या 50% तक बढ़ी, दिल्ली सरकार के नए नियमों से NCR में खलबली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।