1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. क्लासरूम में 9 साल की बच्ची की मौत, CCTV में दिखा- टीचर से बात करते-करते अचानक गिरी; दिल्ली के मयूर विहार की घटना

क्लासरूम में 9 साल की बच्ची की मौत, CCTV में दिखा- टीचर से बात करते-करते अचानक गिरी; दिल्ली के मयूर विहार की घटना

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 04, 2026 07:03 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 07:14 pm IST

मयूर विहार के स्कूल में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में बच्ची क्लासरूम में आती दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद वह अपनी कमर पर हाथ रखती है और अचानक फर्श पर गिर पड़ती है।

मयूर विहार के स्कूल...- India TV Hindi
मयूर विहार के स्कूल में 9 साल की छात्रा की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक प्राइवेट स्कूल में बुधवार सुबह 9 वर्षीय छात्रा की क्लासरूम में मौत हो गई। छात्रा अचानक क्लासरूम के फर्श पर गिर गई थी। स्कूल के स्टाफ ने उसे तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे निर्माण विहार के एक हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा की मौत किसी मेडिकल वजह से हुई हो सकती है।

शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में डॉक्टर्स ने कार्डिएक अरेस्ट से मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

CCTV में कैद पूरा घटनाक्रम

इस पूरे घटना का 3 मिनट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। क्लासरूम के सीसीटीवी में बच्ची कक्षा में आती दिखाई देती है। कुछ देर बाद वह अपनी कमर पर हाथ रखती है और अचानक फर्श पर गिर पड़ती है। बच्ची को गिरते देख टीचर तुरंत उसके पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करती हैं। हालांकि, बच्ची कोई रिएक्शन नहीं देती और बेहोश नजर आती है।

टीचर ने क्या बताया?

शिक्षिका ने बताया कि बच्ची गेम्स पीरियड के बाद क्लासरूम में लौटी थी। वह बहुत थकी हुई लग रही थी। वह कुछ कह रही थी कि अचानक जमीन पर गिर गई थी। उसे उठाकर कुर्सी पर बिठाने की कोशिश की लेकिन वह बेहोश हालत में थी। फर्श पर गिरने से उसके ठोड़ी से खून बहने लगा था इसीलिए स्टाफ की मदद से उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया।

'बच्ची को तुरंत CPR क्यों नहीं दिया', परिवार का आरोप

छात्रा के परिवार ने आरोप लगाया है कि स्कूल के पास इस तरह की इमरजेंसी से निपटने के लिए सही मेडिकल इंतजाम नहीं थे। उन्होंने यह भी पूछा कि बच्ची के गिरने के तुरंत बाद उसे CPR क्यों नहीं दिया गया। वहीं, परिवार के सवाल पर प्रिंसिपल ने कहा कि शुरू में स्टाफ को लगा कि बच्ची के बेहोश होने का कारण उसकी ठोड़ी पर लगी चोट हो सकती है। वे उसकी हालत का कोई और कारण नहीं सोच सके, इसलिए उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया।

इससे कुछ महीनों पहले राजस्थान के नागौर में एक स्कूल में मासूम छात्रा की मौत हो गई थी। 9 साल की छात्रा दिव्या को खेलते वक्त हार्ट अटैक आया था। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें-

मेरठ में 7वीं के छात्र की हार्ट अटैक से मौत, स्कूल के वॉशरूम में मृत मिला

गुरुग्राम के होटल में UK से लौटे इंजीनियर की संदिग्ध मौत, बाथटब में मिला शव; हादसा, हार्ट अटैक या कुछ और?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।