1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. स्कूल में 9 साल की मासूम को आ गया हार्ट अटैक, पांचवीं कक्षा की छात्रा की मौत

स्कूल में 9 साल की मासूम को आ गया हार्ट अटैक, पांचवीं कक्षा की छात्रा की मौत

 Published : Feb 26, 2026 03:12 pm IST,  Updated : Feb 26, 2026 03:46 pm IST

राजस्थान के नागौर जिले में एक स्कूल में मासूम छात्र की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 9 साल की छात्रा दिव्या को खेलते वक्त हार्ट अटैक आया था। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।

rajasthan heart attack death- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS/FREEPIK

राजस्थान के नागौर जिले से एक बड़ी ही हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। राज्य के नागौर जिले के गोटन कस्बे के एक स्कूल से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक स्कूल में बच्ची की हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 5वीं कक्षा की छात्र को स्कूल में खेलते समय हार्ट अटैक आया। छात्रा को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, यहां डॉक्टरों ने मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के सामने आने के बाद से हर कोई हैरान है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, राजस्थान के नागौर जिले के गोटन कस्बे से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। स्कूल के कॉर्डिनेटर गोपाल जाखड़ ने बताया कि टालनपुर निवासी राजेंद्र की 9 वर्षीय बेटी दिव्या, जो पांचवीं कक्षा की छात्रा थी, रोज की तरह 23 फरवरी को सुबह करीब 7:48 बजे स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना शुरू होने से पहले वह अन्य बच्चों के साथ ग्राउंड में खेल रही थी। इसी दौरान अचानक वह लड़खड़ाकर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।

डॉक्टरों ने बताया मौत का कारण

छात्रा के गिरने और बेहोश होने के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल के स्टाफ ने तुरंत परिजनों को इस घटना के बारे में सूचना दी और बिना देरी किए दिव्या को गोटन के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

बड़े भाई की भी हुई थी मौत

हैरानी की बात यह है कि करीब चार महीने पहले दिव्या के बड़े भाई की भी हार्ट अटैक से इसी तरह मौत हो चुकी थी। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, लगातार हार्ट अटैक से बच्चों की हो रही मौत के मामले में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अमित सोनगरा ने बताया कि लगातार बच्चों में हार्ट अटैक के मामले सामने आ रहे हैं जो कि गंभीर है। उन्होंने कहा है कि अधिकांश से आनुवांशिक लक्षणों के चलते हुए इस तरह के मामले सामने आते हैं। इसके साथ ही वायरल इनफेक्शन के चलते हुए भी हार्ट अटैक के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लक्षण आने पर नियमित चेकअप चिकित्सकों से परामर्श लेने की सलाह दी। (रिपोर्ट: सुशील दिवाकर)

ये भी पढ़ें- कोटा में NEET की तैयारी कर रहे लोकेश का शव नहर में फंसा मिला, 6 दिन से था लापता, आखिरी बार हॉस्टल के CCTV में दिखा था

दूल्हे के पिता ने दहेज के 21 लाख रुपए दुल्हन पक्ष को लौटाकर पेश की मिसाल, सिर्फ एक रुपए और नारियल का लिया शगुन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।