1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. मंदिर का चढ़ावा लूटने के लिए संत को पहाड़ी से खाई में दिया धक्का, बरखंडी धाम में संत मर्डर केस का खुलासा; अरेस्ट

मंदिर का चढ़ावा लूटने के लिए संत को पहाड़ी से खाई में दिया धक्का, बरखंडी धाम में संत मर्डर केस का खुलासा; अरेस्ट

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Oct 04, 2026 09:55 am IST,  Updated : Oct 04, 2026 10:06 am IST

पुलिस ने झुंझुनूं के मशहूर तीर्थ स्थल लोहार्गल के बरखंडी धाम में रहने वाले संत सूरजदास जी महाराज (80) की हत्या और लूट की गुत्थी सुलझा ली है। घटना के पांच दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

संत सूरजादास की फाइल फोटो। दूसरी तस्वीर में पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
संत सूरजादास की फाइल फोटो। दूसरी तस्वीर में पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

राजस्थान में झुंझुनूं जिले के प्रसिद्ध तीर्थराज लोहार्गल स्थित बरखंडी धाम में संत सुरजादास महाराज की हत्या और लूट के मामले का गोठड़ा थाना पुलिस ने महज 5 दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में सुरेश कुमार (44) पुत्र ग्यारसीलाल, निवासी झाझम की ढाणी, तन पहाड़ीला, थाना गोठड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चढ़ावे की रकम लूटने के दौरान संत का विरोध करने पर उन्हें पहाड़ी से गहरी खाई में धक्का दे दिया था। 

26 सितंबर से लापता थे संत, पहाड़ियों में मिला शव

पुलिस के मुताबिक संत सुरजादास महाराज 26 सितंबर की शाम से बरखंडी धाम से लापता थे। 27 सितंबर को मामले की सूचना मिलने पर गोठड़ा थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और एमओबी के माध्यम से निरीक्षण करवाया तथा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। तलाश के दौरान संत का शव बरखंडी की पहाड़ियों में एक गहरी खाई में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। एसडीआरएफ जयपुर और जिला रेस्क्यू टीम की मदद से शव को खाई से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और हत्या के आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।

पहले पहाड़ी पर आया, रात बिताई और फिर दोबारा पहुंचा

एडिशनल एसपी देवेंद्र सिंह राजावत के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेश कुमार 23 सितंबर को बरखंडी की पहाड़ी पर गया था। वह रातभर बरखंडी धाम में रुका और 24 सितंबर को नीचे उतर आया। इसके बाद आरोपी 25 सितंबर को एक बार फिर पहाड़ी पर पहुंचा, जहां संत सुरजादास महाराज अकेले थे। आरोपी ने रात वहीं बिताई। पुलिस जांच के अनुसार 26 सितंबर की सुबह आरोपी ने संत को बाथरूम में बंद कर दिया और मेले के दौरान चढ़ावे के रूप में आई धनराशि निकाल ली। इसी दौरान संत किसी तरह बाथरूम से बाहर निकल आए और उन्होंने रकम ले जाने का विरोध किया।

विरोध किया तो पहाड़ी से खाई में दे दिया धक्का

पुलिस के मुताबिक संत के विरोध करने पर आरोपी सुरेश कुमार ने उन्हें पहाड़ी से गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से निकल गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तकनीकी संसाधनों, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
पुलिस अब आरोपी से हत्या और लूट की वारदात को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। कार्रवाई एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में, एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, सीओ नवलगढ़ सुगन सिंह के सुपरविजन तथा गोठड़ा थानाधिकारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।

 रिपोर्टः अमित शर्मा, झुंझुनूं

ये भी पढ़ेंः VIDEO: पुलिस दबिश के दौरान भागा सद्दाम, तीसरी मंजिल से गिरा और हो गई मौत, गुस्साई भीड़ ने किया जमकर हंगामा

 WhatsApp पर ‘अंतिम जोहार’ का स्टेटस, डायरी में भावुक नोट... इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और पत्नी फंदे पर लटके मिले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।