1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की चेतावनी, ट्रंप की हार से गलतफहमी ना पालें, अब हमला किया तो छोड़ेंगे नहीं

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की चेतावनी, ट्रंप की हार से गलतफहमी ना पालें, अब हमला किया तो छोड़ेंगे नहीं

 Written By: Kajal Kumari
 Published : Nov 04, 2026 05:59 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 06:10 pm IST

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की बड़ी हार हुई है। इस हार के बाद ईरान ने अमेरिका के रवैये में कोई बदलाव दिखेगा, इसे लेकर बड़ा बयान दिया है। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई ने क्या कहा?

अमेरिका ईरान युद्ध- India TV Hindi
अमेरिका ईरान युद्ध

Highlights

  • अमेरिका मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की हार
  • ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी
  • मुजतबा खामेनेई ने क्या कहा

ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने बुधवार को अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव में ट्रंप को मिली हार के बाद चेतावनी दी कि अगर ईरान पर कोई नया सैन्य हमला होता है, तो ईरान इसका पहले से कहीं कड़ा जवाब देगा। अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद ईरान ने अपने तीखे बयानों को और तेज कर दिया है। मुजतबा खामेनेई ने कहा कि ईरान सभी क्षेत्रों में खुद को मजबूत करना जारी रखेगा, ताकि वह किसी के भी किसी हमले का सामना कर सके। 

किसी तरह की गलतफहमी ना पालें

ईरानी नेता ने कहा कि ईरान के प्रति अमेरिका का शत्रुतापूर्ण रवैया नहीं बदलेगा, चाहे अमेरिका में ट्रंप हारें या जीतें,  किसी भी राजनीतिक दल की सरकार हो या ईरान कोई भी रियायत दे दे। उन्होंने उन लोगों को कहा कि किसी तरह की गलतफहमी ना पालें जो मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद अमेरिकी नीति में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी वैश्विक प्रभुत्व में गिरावट का जिक्र किया। उनका तर्क था कि अमेरिका अपनी सैन्य ताकत और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव खो रहा है। मुजतबा खामेनेई ने दावा किया कि अमेरिका के अपने ही कदमों ने उसकी ताकत के कम होने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। 

ट्रंप ने ईरान पर लगाया आरोप
मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया, जो ट्रम्प के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका है। ट्रम्प ने माना कि युद्ध और उसके कारण पेट्रोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने रिपब्लिकन पार्टी की हार में भूमिका निभाई। फॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इसमें ईरान का भी कुछ हाथ था।"

उन्होंने आगे कहा कि हालांकि मतदाता तेहरान के खिलाफ उनके कदमों से सहमत थे, लेकिन वे शायद ईंधन की ऊंची कीमतों के कारण होने वाले अल्पकालिक आर्थिक नतीजों के लिए तैयार नहीं थे। ट्रम्प ने कहा, मैं यह बात समझता हूं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि उन्हें फरवरी में ईरान के खिलाफ इज़रायल के साथ संयुक्त सैन्य अभियान शुरू करने का कोई पछतावा नहीं है। CBS न्यूज़ से अलग से बात करते हुए, ट्रम्प ने कहा कि यह संघर्ष "तब खत्म होगा जब मैं कहूंगा कि यह खत्म हो गया है"।

ये भी पढ़ें:
US Midterm Election Results: 'Blue Wave' कैसे 'Red Wipeout' में बदल गया, ट्रंप की क्यों हुई ऐतिहासिक हार?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।