अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन रिजल्ट पर ईरान का रिएक्शन सामने आया है। ईरान ने इन चुनाव नतीजों पर खुशी जताई है और कहा कि अमेरिकी जनता ने युद्ध के खिलाफ अपना संदेश दे दिया है। ईरान के शीर्ष वार्ताकार और संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया दी।
अमेरिकी जनता ने युद्ध को ना कहा
मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने एक्स पर लिखा- "चाहे जमीर की आवाज हो या जीवनयापन की बढ़ती लागत, अमेरिकियों ने युद्ध को ना कहा है और हम इस संदेश का समर्थन करते हैं।" उन्होंने अमेरिकी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार इस मुद्दे पर जनता के साथ विश्वासघात करती है, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका को पता चल जाएगा कि उनका 'ना' किसी बुरे सपने से कम नहीं होगा।
ट्रंप को झटका, डेमोक्रेट्स ने कई अहम राज्यों में गवर्नर पदों पर जीत दर्ज की
बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका लगा है। अमेरिका के वोटर्स ने मिडटर्म इलेक्शन में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को संसद के उच्च सदन सीनेट का नियंत्रण सौंप दिया है। डेमोक्रेट ने कई अहम राज्यों में गवर्नर पदों पर भी जीत दर्ज की है। रिपब्लिकन पार्टी को अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले टेक्सास, जॉर्जिया और आयोवा जैसे राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा। इस राज्यों में उसने डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथों गवर्नर के पद गंवा दिए।
टेक्सास, मेन, साउथ कैरोलिना, नॉर्थ कैरोलिना, कंसास और आयोवा में सीनेट की सीट पर भी पार्टी को झटका लगा। ट्रंप ने इन राज्यों के मतदाताओं से यह कहते हुए मतदान की अपील की थी कि मानो वह खुद चुनावी मैदान में हैं। रिपब्लिकन पार्टी की इस बड़ी हार की मुख्य वजह ट्रंप की नीतियों के प्रति लोगों में व्याप्त असंतोष को माना जा रहा है। खासकर ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जिसके कारण महंगाई बढ़ी और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई।
''मैं चुनाव मैदान में नहीं था और अगर होता, तो हम भारी बहुमत से जीतते''
मंगलवार रात चुनाव नतीजे आने के दौरान 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ''मैं इन नतीजों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।'' हालांकि, उनका यह बयान उनके सामान्य आक्रामक तेवरों से अलग, विनम्र और मेल-मिलाप वाला था लेकिन जल्द ही वह अपने पुराने अंदाज में लौट आए और हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना शुरू कर दिया। ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह खुद का चुनावी मैदान में न होना बताया। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, ''मैं चुनाव मैदान में नहीं था और अगर होता, तो हम भारी बहुमत से जीतते!''
बता दें कि टेक्सास, साउथ कैरोलिना और नॉर्थ कैरोलिना जैसे राज्यों में मिली जीत ने अमेरिकी राजनीति का समीकरण बदल दिया है। इस नतीजे से ट्रंप की लोकप्रियता और उनके राजनीतिक प्रभाव के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। गवर्नर पद के लिए हुए कई महत्वपूर्ण चुनावों में, डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों- ओहायो में डॉ. एमी एक्टन, आयोवा में रॉब सैंड, जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स और टेक्सास में जीना हिनोजोसा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
ये भी पढ़ें: