1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप की पार्टी को लगे ऐतिहासिक झटके, डेमोक्रेट्स को 20 साल बाद ओहायो और आयोवा, 28 साल बाद जॉर्जिया और 36 साल बाद टेक्सास में मिली जीत

ट्रंप की पार्टी को लगे ऐतिहासिक झटके, डेमोक्रेट्स को 20 साल बाद ओहायो और आयोवा, 28 साल बाद जॉर्जिया और 36 साल बाद टेक्सास में मिली जीत

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Nov 04, 2026 03:28 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 03:28 pm IST

अमेरिका में 2026 में हुए मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डेमोक्रेट्स को सीनेट में बहुमत मिल गया है और पार्टी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी आगे चल रही है।

US midterm election 2026- India TV Hindi
अमेरिकी मध्यावदि चुनाव में डेमोक्रेट्स की बड़ी जीत। Image Source : INDIA TV

अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी हार के करीब है। डेमोक्रेट्स को सीनेट में बहुमत मिल गया है और उसने 50 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है जो कि ट्रंप के लिए बहुत बड़ी हार है। वहीं, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी डेमोक्रेट्स बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव में डेमोक्रेट्स ने उन राज्यों में भी जीत दर्ज की है। जहां लंबे समय से रिपब्लिकन का दबदबा रहा है। टेक्सास, साउथ कैरोलिना और नॉर्थ कैरोलिना जैसे राज्यों में मिली जीत ने अमेरिकी राजनीति का समीकरण बदल दिया है। इस नतीजे से ट्रंप की लोकप्रियता और उनके राजनीतिक प्रभाव के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। गवर्नर पद के लिए हुए कई महत्वपूर्ण चुनावों में, डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों- ओहायो में डॉ. एमी एक्टन, आयोवा में रॉब सैंड, जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स और टेक्सास में जीना हिनोजोसा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसके साथ ही, इन राज्यों में दशकों से चला आ रहा रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा खत्म हो गया है।

आपको बता दें कि अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के ये नतीजे इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ओहायो और आयोवा में बीते 20 साल से कोई डेमोक्रेटिक गवर्नर नहीं चुना गया था। जॉर्जिया साल 1998 से ही डेमोक्रेट्स के कंट्रोल में नहीं था और टेक्सास में 1990 के बाद से कोई डेमोक्रेटिक गवर्नर नहीं चुना गया था। इन चार चुनाव परिणाम को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस हार को स्वीकार किया है और कहा है कि वह डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करेंगे।

Ohio Governor-elect Dr Amy Acton
Image Source : APओहायो की नवनिर्वाचित गवर्नर डॉ. एमी एक्टन।

ओहायो में रिपब्लिकन पार्टी का 20 साल के कब्जा खत्म

डेमोक्रेट्स की उम्मीदवार एमी एक्टन ओहायो में गवर्नर पद जीतकर रिपब्लिकन पार्टी का 20 साल के कब्जा खत्म कर दिया है। 60 साल की एमी एक्टन चिकित्सक हैं और ओहायो स्वास्थ्य विभाग की पूर्व निदेशक रह चुकी हैं। उन्होंने एक कड़े मुकाबले में 51 प्रतिशत वोट हासिल किए और रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को हराया। चुनाव में रामास्वामी को 45 प्रतिशत से कुछ ज्यादा वोट मिले। ये जीत इसलिए भी अहम हैं क्योंकि एमी एक्टन ओहायो की गवर्नर चुनी जाने वाली पहली महिला बन गई हैं। हाल के राष्ट्रपति चुनावों में ओहायो का झुकाव रिपब्लिकन पार्टी की ओर काफी बढ़ गया था। बीते तीनों चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने इस राज्य में जीत हासिल की थी। दो दशक के बाद ओहायो के गवर्नर पद पर किसी डेमोक्रेट की वापसी हुई है। इससे पहले इस पद पर जीतने वाले आखिरी डेमोक्रेट उम्मीदवार टेड स्ट्रिकलैंड थे, जिन्होंने 2006 में रिपब्लिकन केन ब्लैकवेल को हराया था।

ओहायो का चुनाव मुख्य तौर पर आर्थिक चिंताओं, जीवन-यापन के बढ़ते खर्चों और राज्य के नेतृत्व के कामकाज के मुद्दों पर लड़ा गया था। हालांकि, चुनाव प्रचार तब विवादों में आ गया, जब विवेक रामास्वामी की टीम ने एक्टन के पारिवारिक बैकग्राउंड को निशाना बनाते हुए एक ऐसा विज्ञापन जारी किया जिसमें उन पर व्यक्तिगत हमला किया गया था। इस विज्ञापन को दोनों पक्षों की ओर से आलोचना का सामना करना पड़ा।

Iowa Governor-elect Rob Sand
Image Source : APआयोवा के नवनिर्वाचित गवर्नर रॉब सैंड।

आयोवा में दो दशक बाद रिपब्लिकन की हार

अमेरिका के आयोवा में भी एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। यहां डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार रॉब सैंड ने रिपब्लिकन प्रत्याशी जैक लाहन को हराकर गवर्नर का पद जीत लिया। रॉब सैंड की इस जीत ने उन्हें 20 सालों में आयोवा का पहला डेमोक्रेट गवर्नर बना दिया है। सैंड दो बार स्टेट ऑडिटर रह चुके हैं और चुनाव में उतरने वाले इकलौते ऐसे डेमोक्रेट थे जो आयोवा में राज्य-स्तरीय निर्वाचित पद पर काबिज थे। बीते 10 साल में आयोवा रिपब्लिकन पार्टी की ओर झुका था। साल 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने इस राज्य में आसानी से जीत हासिल कर ली थी। आयोवा में गवर्नर का पद जीतने वाले आखिरी डेमोक्रेट 2006 में चेट कल्वर थे।

 रॉब सैंड का चुनाव अभियान सरकारी जवाबदेही, रोजमर्रा के खर्चों को अधिक किफायती बनाने और राजनीतिक मतभेदों को कम करने पर केंद्रित था। उन्होंने खुद को एक ऐसे नेता के तौर पर पेश किया जो कि सभी दलों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हो।

Georgia Governor-elect Keisha Lance Bottoms
Image Source : APजॉर्जिया की नवनिर्वाचित गवर्नर कीशा लांस बॉटम्स।

जॉर्जिया में कीशा लांस ने रचा इतिहास

अमेरिका के जॉर्जिया में भी डेमोक्रेट्स को बड़ी जीत मिली है। अटलांटा की पूर्व मेयर कीशा लांस बॉटम्स ने रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार रिक जैक्सन को हराकर गवर्नर पद पर कब्जा कर लिया है। ये जीत इसलिए भी खास है क्योंकि कीशा लांस अमेरिकी इतिहास में गवर्नर चुनी जाने वाली पहली अश्वेत महिला बन गई हैं। इस चुनाव परिणाम के साथ ही जॉर्जिया के गवर्नर पद पर रिपब्लिकन पार्टी का 28 साल पुराना कब्जा भी खत्म हो गया है। कीशा लांस के लिए ये चुनाव इसलिए चुनौतीपूर्ण था क्योंकि रिपब्लिकन प्रत्याशी जैक्सन के पास काफी वित्तीय संसाधन थे और जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपनी निजी संपत्ति से चुनाव में 200 मिलियन डॉलर से अधिक खर्च किए थे। कीशा लांस बॉटम्स अमेरिकी इतिहास में वह गवर्नर चुनी जाने वाली केवल चौथी अश्वेत व्यक्ति हैं; उनसे पहले तीन अश्वेत पुरुष गवर्नर चुने गए थे, जो सभी डेमोक्रेट थे। इससे पहले साल 1998 में रॉय बार्न्स ने डेमोक्रेट उम्मीदवार के रूप में यहां से जीत हासिल की थी।

Texas Governor-elect Gina Hinojosa
Image Source : APटेक्सास की नवनिर्वाचित गवर्नर जीना हिनोजोसा।

टेक्सास में 36 साल बाद हारी रिपब्लिकन पार्टी

टेक्सास में तो रिपब्लिकन पार्टी को और भी बड़ा झटका लगा है। यहां डेमोक्रेट पार्टी की उम्मीदवार जीना हिनोजोसा ने मौजूदा रिपब्लिकन गवर्नर ग्रेग एबॉट को हरा दिया है। इसके साथ ही रिपब्लिकन पार्टी को उसके गढ़ में टेक्सास में 36 साल बाद हार का सामना करना पड़ा है। जीना हिनोजोसा ने चुनाव में 52 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल किए। इसके साथ ही रिपब्लिकन एबॉट के चौथे कार्यकाल की उम्मीदों पर पानी फिर गया। जीना हिनोजोसा टेक्सास की पहली लैटिन गवर्नर बनेंगी। बता दें कि इससे पहले डेमोक्रेट उम्मीदवार एन रिचर्ड्स ने साल 1990 में टेक्सास के गवर्नर का चुनाव जीता था।


टेक्सास की विजेता हिनोजोसा ने अपने चुनाव अभियान में आम परिवारों से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखा जिनमें जीवन-यापन की बढ़ती लागत, सार्वजनिक शिक्षा और टेक्सास में रिपब्लिकन नेतृत्व की आलोचना शामिल थी। हिनोजोसा ने इस बात पर जोर दिया था कि टेक्सास में हो रहे आर्थिक और जनसांख्यिकीय बदलावों के लिए एक अलग राजनीतिक दृष्टिकोण की आवश्यकता है।

 

ये भी पढ़ें- अमेरिका को मिला पहला मुस्लिम सीनेटर, मिशिगन से अब्दुल अल-सयद ने रचा इतिहास

अमेरिका मिड टर्म चुनाव में भारतीय मूल के नेताओं ने मारी बाजी, पिया डंडिया, अरुणा मिलर और सुहास सुब्रमण्यम ने हासिल की जीत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।