देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। सुबह 6:15 बजे के विजुअल्स में भी प्रदूषण की गंभीर स्थिति देखने को मिली।
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI 331 दर्ज किया गया। वहीं, बवाना में 408, DTU दिल्ली में 403, जहांगीरपुरी में 499, नरेला में 406 और रोहिणी में 431 AQI रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा आनंद विहार के आसपास CPCB के अनुसार AQI 278 रहा, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया है।
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर वाहनों की सख्त जांच
बढ़ते प्रदूषण के बीच दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भी वाहनों की आवाजाही को लेकर सख्ती बरती जा रही है। बॉर्डर पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से गाड़ियों की जांच की जा रही है। दिल्ली में BS4 मानक से नीचे की गाड़ियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके साथ ही वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता भी चेक की जा रही है। बिना जांच के किसी भी गाड़ी को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
दिल्ली-NCR में GRAP-2 लागू
बता दें कि दिल्ली-NCR में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण यानी GRAP-2 को लागू कर दिया है। राजधानी की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचने के बाद यह फैसला लिया गया है।
CAQM के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 31 अक्टूबर 2026 को 117 दर्ज किया गया था, जो 1 नवंबर को बढ़कर 261 और 2 नवंबर को 324 तक पहुंच गया। इस तरह महज दो दिनों में राजधानी की हवा की गुणवत्ता में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। आयोग ने बताया कि प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी रह सकती है।
क्या है GRAP और कब लागू होता है?
GRAP प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लागू किए जाने वाले आपातकालीन उपायों का एक समूह है। इसे वायु गुणवत्ता के स्तर के आधार पर चार चरणों में लागू किया जाता है।
- GRAP-1: AQI 201 से 300 के बीच होने पर।
- GRAP-2: AQI 301 से 400 के बीच होने पर।
- GRAP-3: AQI 401 से 450 के बीच होने पर।
- GRAP-4: AQI 450 से अधिक होने पर।
ये भी पढ़ें-
कोटा के हॉस्टल में फंदे से लटका मिला नाबालिग छात्र, ऑनलाइन कर रहा था जेईई की तैयारी