1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाबर आजम फिर रहे अनलकी, दूसरे टेस्ट में शतक के करीब आकर हुए रन आउट

बाबर आजम फिर रहे अनलकी, दूसरे टेस्ट में शतक के करीब आकर हुए रन आउट

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 04, 2026 09:06 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 09:06 pm IST

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक लगाने का मौका था। वह 88 के स्कोर पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए।

Babar Azam- India TV Hindi
बाबर आजम Image Source : AFP

वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। उनके पास शतक लगाने का शानदार मौका था। लेकिन वह 88 के स्कोर पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए। उनके पास लगभग 4 साल बाद टेस्ट में शतक लगाने का सबसे सुनहरा मौका था, लेकिन उन्होंने खुद अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली।

दूसरे दिन 86 रन बनाकर नाबाद रहे थे बाबर

बाबर आजम वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपने शतक के बहुत करीब आकर रन आउट हो गए। साल 2022 के बाद उनके पास टेस्ट क्रिकेट में शतक बनाने का यह सबसे बेहतरीन मौका था। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वह 86 रन बनाकर नाबाद रहे थे और उन्हें अपनी सेंचुरी पूरी करने के लिए सिर्फ 14 रनों की जरूरत थी। तीसरे दिन उन्होंने संभलकर खेलना शुरू किया और 2 रन और जोड़े, लेकिन पारी के 75वें ओवर में तेजी से सिंगल चुराने की जल्दबाजी में वह रन आउट हो गए और 88 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए।

सिंगल चुराने के चक्कर में रन आउट हुए बाबर

जोमेल वारिकन के ओवर की पांचवीं गेंद पर बाबर आजम ने कवर की तरफ शॉट खेला और एक रन लेने के लिए भाग पड़े। लेकिन उन्होंने दूसरे छोर पर खड़े अब्दुल्ला शफीक से यह नहीं पूछा कि वे रन लेना चाहते हैं या नहीं। शफीक डेंजर जोन में थे इसलिए उन्होंने रन भागने से साफ मना कर दिया। तब तक बाबर क्रीज से काफी आगे निकल चुके थे। उन्होंने वापस क्रीज के अंदर पहुंचने के लिए डाइव भी लगाई, पर ब्रैंडन किंग ने डायरेक्ट थ्रो मारकर उन्हें रन आउट कर दिया। बाबर को उस समय रन चुराने की कोई जरूरत नहीं थी, लेकिन उनकी एक जल्दबाजी के कारण उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा।

अब्दुल्ला शफीक ने लगाया शानदार शतक

शफीक को 10 महीने बाद पाकिस्तान की प्लेइंग-11 में खेलने का मौका मिला है। इससे पहले उन्होंने अक्टूबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट खेला था, जहां उन्होंने पहली पारी में हाफ सेंचुरी लगाई थी। इस मैच में वे पहली बार तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाते हुए दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 185 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों के साथ नाबाद 107 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का छठा शतक है। अब तीसरे दिन शफीक यहां से बाकी बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को और मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़ें

तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत आज से, जानें कब और कहां देख पाएंगे LIVE मुकाबला

आयरिश गेंदबाज के पास इतिहास रचने का मौका, बन सकते हैं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल